Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में BJP की ट्रिपल इंजन सरकार, शहरी निकाय चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ; पढ़ें कौन कहां से जीता?

    Updated: Wed, 12 Mar 2025 07:05 PM (IST)

    हरियाणा में हुए शहरी निकाय चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत (Haryana Nikay Chunav 2025 Result) हासिल की है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में लड़ी गई इस जंग में बीजेपी ने कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है। राज्य के 10 नगर निगमों में से 9 पर बीजेपी का कब्जा है जबकि 5 नगर परिषदों में भी बीजेपी ने जीत दर्ज की है।

    Hero Image
    हरियाणा में निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत (जागरण ग्राफिक्स)

    अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा में अब भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार होगी। विधानसभा चुनाव के करीब साढ़े पांच माह बाद हुए शहरी निकाय चुनाव (Haryana Urban Body Election Result 2025) में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लड़े गए शहरी निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों ने कांग्रेस प्रत्याशियों को हराकर नगर निगमों और नगर परिषदों में कमल का फूल खिलाया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राज्य के 10 नगर निगमों में से नौ पर भाजपा की जीत हुई है, जबकि नवगठित मानेसर नगर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार ने चुनाव जीता है। इस निर्दलीय उम्मीदवार ने भी केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के नाम पर वोट मांगकर चुनाव जीता है।

    भाजपा को शहरी निकायों (Haryana Nikaya Chunav Result 2025) में शानदार जीत तब मिली, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दूसरी बार सीएम का दायित्व संभालते हुए एक साल पूरा हो गया। राज्य के किसी भी शहरी निकाय में कांग्रेस जीत के करीब तक भी नहीं पहुंच पाई। राज्य की पांचों नगर परिषदों पर भी भाजपा का कब्जा रहा, जबकि 23 नगर पालिकाओं में आठ उम्मीदवार भाजपा के जीते, जबकि 15 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।

    फोटो कैप्शन: सीएम नायब सैनी कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा करते हुए

    23 नगर पालिकाओं में से 14 पर लहराया भगवा

    23 नगर पालिकाओं में से 14 पर भाजपा ने कमल के फूल पर चुनाव लड़ा था, जबकि नौ नगर पालिकाओं में भाजपा और कांग्रेस किसी ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे प्रदेश की जनता की जीत बताते हुए कहा है कि अब राज्य में ट्रिपल इंजन की सरकार तेज गति के साथ नॉन स्टाप काम करेगी। शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने विधानसभा में राज्य के अधिकतर शहरी निकायों में कमल का फूल खिलने की जानकारी दी तो सभी विधायकों ने मेजें थपथपाकर अभिनंदन किया।

    राज्य के 10 नगर निगमों में फरीदाबाद में भाजपा की देश में सबसे बड़ी जीत हुई है। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल के प्रभाव वाले फरीदाबाद में भाजपा की प्रवीण बत्रा जोशी तीन लाख 16 हजार 852 मतों से चुनाव जीती हैं, जो कि देश में सबसे बड़ा जीत का अंतर है। पहले यह रिकॉर्ड गाजियाबाद की भाजपा की मेयर सुनीता दयाल के नाम था।

    फोटो: औद्योगिक नगरी फरीदाबाद की नवनिर्वाचित मेयर प्रवीण बत्रा जोशी को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र सौंपते हुए

    सुनीता ने दो लाख 87 हजार वोटों के अंतर से निकाय चुनाव जीता था। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रभाव वाले रोहतक नगर निगम में भाजपा के राम अवतार चुनाव जीते हैं। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा यहां अपनी पार्टी के सूरजमल किलोई को चुनाव नहीं जितवा सके।

    अंबाला में कैसा रहा परिणाम

    अंबाला में भाजपा की सैलजा संदीप सचदेवा, गुरुग्राम में भाजपा की राजरानी, मानेसर में निर्दलीय डा. इंद्रजीत यादव, यमुनानगर में भाजपा की सुमन बहमनी, सोनीपत में भाजपा के राजीव जैन, हिसार में भाजपा के प्रवीण पोपल, करनाल में भाजपा की रेणुबाला गुप्ता और पानीपत में भाजपा की कोमल सैनी ने नगर निगम में मेयर के चुनाव जीते हैं।

    राज्य के 10 नगर निगमों में सात पर पहले से भाजपा के मेयर थे। अंबाला की मेयर शक्तिरानी शर्मा के भाजपा के टिकट पर कालका से विधायक बनने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। शक्तिरानी शर्मा तब अपने पति पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा के नेतृत्व वाली हरियाणा जनचेतना पार्टी के टिकट पर मेयर बनी थी। अब यहां भाजपा ने जीत का परचम लहराया है।

    इसी तरह, सोनीपत में कांग्रेस के मेयर रह चुके निखिल मदान भाजपा के विधायक बन गए थे, जिसके बाद भाजपा ने यहां टिकट से वंचित रहे वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव जैन को लड़वाया और उन्होंने सोनीपत में जीत का परचम लहराया। करनाल की मेयर रेणुबाला गुप्ता तीसरी बार चुनाव जीती हैं।

    मानेसर से निर्दलीय उम्मीदवार की जीत

    अकेला मानेसर नगर निगम ऐसा है, जहां भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा, लेकिन जिस तरह से यहां निर्दलीय चुने गए मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव ने केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के नाम पर वोट मांगे, उससे लग रहा है कि वे भी देर सबेर कमल के फूल में आस्था जता सकते हैं।

    नगर परिषदों में सिरसा की जीत संदेश देने वाली रही है। सिरसा में भाजपा और हलोपा प्रमुख गोपाल कांडा व उनके भाई गोबिंद कांडा ने मिलकर साझा प्रत्याशी उतारा था। गोपाल कांडा की पार्टी हलोपा नेशनल स्तर पर एनडीए का हिस्सा है। यहां भाजपा व हलोपा के साझा उम्मीदवार शांति स्वरूप ने चुनाव जीता है।

    फोटो: नायब सैनी ने एक्स पर किया पोस्ट

    लोकसभा और विधानसभा के बाद शहरी निकाय चुनाव में हरियाणा की जनता ने ट्रिपल इंजन वाली सरकार के नेतृत्व पर अपनी मुहर लगाई है। मैं हरियाणा की जनता का दिल से धन्यवाद करता हूं। चुनाव आयोग और सभी अधिकारियों को शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए धन्यवाद देता हूं। हमारी ट्रिपल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत'' के विजन को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी। सबसे बड़ी बधाई प्रदेश के जन-जन और बीजेपी के तमाम कार्यकर्ताओं को है, जिनकी मेहनत और लोगों के आशीर्वाद से ट्रिपल इंजन की सरकार बनी है। हरियाणा के 2 करोड़ 80 लाख लोगों ने हमारी सरकार के काम पर मुहर लगाई है। उनके आशीर्वाद से सरकार की नीतियों को बल मिला है। अब हमारी ट्रिपल इंजन सरकार की जिम्मेदारी है कि हम तीन गुणा गति से आगे बढ़कर हरियाणा के काम पूरे करेंगे।

    - नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री, हरियाणा

    (निकाय चुनाव की जीत पर सीएम ने जैसा विधानसभा में बोला)

    फरीदाबाद में एक ही परिवार के तीन लोग जीते चुनाव

    फरीदाबाद नगर निगम में देश की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड तो बना ही, साथ ही इसी निगम में निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ रहे एक ही परिवार के तीन सदस्य चुनाव जीत गए हैं। फरीदाबाद में पति-पत्नी और देवर चुनाव जीते हैं। वार्ड नंबर 42 से दीपक यादव (पति), वार्ड नंबर 43 से रश्मि यादव (पत्नी) और वार्ड नंबर 40 से पवन यादव (देवर) चुनाव जीते हैं।

    हरियाणा नगर निगम चुनाव परिणाम 2025 (Haryana Nagar Nigam Chunav Result 2025)

    हरियाणा नगर परिषद चुनाव परिणाम 2025 (Haryana Nagar Parishad Chunav Result 2025)

    हरियाणा नगर पालिका चुनाव रिजल्ट 2025 (Haryana Nagar Palika Chunav Result 2025)

    नोट: लोहारू, अटेली मंडी, कनीना, तावडू, कलानौर, जाखल मंडी, नारनौंद, बेरी, और सिवानी में कांग्रेस और भाजपा ने प्रत्याशी नहीं उतारे। पूंडरी में भाजपा की ममता 3226 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

    comedy show banner