Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा की संस्कृति और प्रगति का जापान में जलवा, CM सैनी ने वर्ल्ड एक्सपो-2025 में पवेलियन का उद्घाटन किया; निवेश और स्टार्टअप्स को बढ़ावा

    Updated: Tue, 07 Oct 2025 06:13 PM (IST)

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जापान के ओसाका में वर्ल्ड एक्सपो-2025 में हरियाणा पवेलियन का उद्घाटन किया। उन्होंने राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन देने की बात कही। हरियाणा पवेलियन में राज्य की संस्कृति और औद्योगिक प्रगति को प्रदर्शित किया गया है जो निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बुलेट ट्रेन से भी यात्रा की।

    Hero Image
    नायब ने विदेशी निवेशकों को दिखाया भविष्य के हरियाणा का रोडमैप, उद्यमियों का बढ़ा भरोसा (फोटो: जागरण)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। जापान दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को विदेशी निवेशकों को भविष्य के हरियाणा का रोडमैप दिखाया। ओसाका में जारी वर्ल्ड एक्सपो में हरियाणा पवेलियन का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कैसे प्रदेश में ईज आफ डूइंग बिजनेस का इको-सिस्टम तैयार किया गया है। प्रदेश सरकार स्टार्टअप और एमएसएमई को बढ़ावा दे रही है, जिससे उद्यमियों में विश्वास बढ़ा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा पवेलियन का निरीक्षण करते हुए नायब ने कहा कि आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। 11 वर्षों में प्रदेश में सात लाख 66 हजार सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग लगे हैं, जिनमें 39 लाख लोगों को रोजगार मिला है।

    स्टार्टअप की संख्या में सातवें बड़े राज्य के रूप में उभरा है। प्रदेश में 9500 मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं। गुरुग्राम आइटी सेवाओं और स्टार्टअप्स का प्रमुख वैश्विक केंद्र बन चुका है। प्रदेश में स्टार्टअप्स की संख्या को तीन गुणा करने का लक्ष्य पर चल रही सरकार ने हाल ही में 22 स्टार्टअप्स को एक करोड़ 14 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए 2000 करोड़ रुपये का 'फंड आफ फंड्स' भी स्थापित करने जा रहे हैं। इससे हमारे युवा बिना किसी वित्तीय चिंता के अपने आइडिया पर काम कर सकेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का लक्ष्य रखा है, जिसमें हरियाणा अपना अधिकतम योगदान कर रहा है।

    उद्योगों को लाजिस्टिक सुविधा देने में देश में दूसरे तथा उत्तर भारत में पहले स्थान पर है। विश्व की 400 फार्च्यून कंपनियों के कार्यालय गुरुग्राम में स्थित हैं। देश की सड़कों पर दौड़ने वाली हर दूसरी कार हरियाणा में बनती है। देश के 52 प्रतिशत ट्रैक्टरों का निर्माण भी यहीं पर होता है। केंद्रीय खाद्यान्न भंडार में योगदान देने में हरियाणा का दूसरा स्थान है।

    वर्ल्ड एक्सपो में हरियाणा की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और तकनीकी प्रगति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। भारत मंडपम में स्थित हरियाणा पवेलियन न केवल भारतीय प्रवासियों के लिए गर्व का विषय बना हुआ है, बल्कि जापान और दुनिया के अन्य देशों से आए आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र भी बना हुआ है।

    पवेलियन में ग्रामीण संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, औद्योगिक प्रगति और आधुनिक विकास यात्रा को वीआर (वर्चुअल रियलिटी) टेक्नोलाजी के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। जापान के लोग इस तकनीक की मदद से ऐतिहासिक स्थलों और पुरातात्विक स्थलों का वर्चुअल अनुभव लेकर हरियाणा की भूमि के वैभव और विविधता से रूबरू हो रहे हैं।

    पवेलियन में प्रदर्शित वेशभूषा, हस्तशिल्प, लोक नृत्य, मिट्टी की कलाकृतियां और पारंपरिक संगीत जापानी दर्शकों को खासा प्रभावित कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने हरियाणा की पारंपरिक पोशाकें पहनकर फोटो सेशन किए और ‘घूमर’ व ‘फाग’ जैसे लोकनृत्यों पर झूमते हुए हरियाणवी संस्कृति के रंगों का आनंद लिया।

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों संग विश्वप्रसिद्ध शिंकानसेन-ओसाका बुलेट ट्रेन से टोक्यो से ओसाका तक यात्रा भी की। यह ट्रेन अपने अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे, सुरक्षा मानकों और परिचालन उत्कृष्टता के लिए जानी जाती है और आधुनिक परिवहन प्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जाती है।

    मुख्यमंत्री के साथ उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, विदेश सहयोग विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी कुमार, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. अमित कुमार अग्रवाल और एचएसआइआइडीसी के प्रबंध निदेशक डा. यश गर्ग ने बुलेट ट्रेन का सफर का आनंद लिया। प्रतिनिधिमंडल ने यात्रा के दौरान जापान की रेलवे प्रणाली के संचालन, रखरखाव, यात्री सुरक्षा और तकनीकी नवाचारों का भी अध्ययन किया।