घुसपैठियों का मतदान और वोट बनना लोकतंत्र के लिए कैंसर, पंचकूला में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ का बड़ा बयान
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि घुसपैठियों का मतदान लोकतंत्र के लिए कैंसर है। उन्होंने विपक्ष पर घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया। चुघ ने कहा कि देश के संसाधनों पर गरीबों का अधिकार है, घुसपैठियों का नहीं। उन्होंने आईपीएस अधिकारी की आत्महत्या पर राजनीति न करने की अपील की और आतंकवाद के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान पर भी जोर दिया।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ का पंचकूला पहुंचने पर हुआ स्वागत।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा है कि घुसपैठियों का मतदान और वोट बनना लोकतंत्र के लिए कैंसर है। भारत के लोकतंत्र को किसी भी कीमत पर इस कैंसर से मुक्त रखना जरूरी है। पंचकूला पहुंचे
तरुण चुघ ने कहा कि देश की बाहरी और आंतरिक सुरक्षा भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो लोग भारत की डेमोग्राफी को बदलने का षड्यंत्र रच रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता और सरकारें घुसपैठियों को शरण और संरक्षण दे रही हैं।
उन्होंने राहुल गांधी, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग “घुसपैठिए बचाओ यात्रा” निकालकर देश के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। तरुण चुघ ने कहा कि देश के संसाधनों पर केवल देश के गरीबों और नागरिकों का अधिकार है, घुसपैठियों का नहीं। उन्होंने आगे कहा कि एसआईआर लागू होने के बाद जो तिलमिलाहट विपक्षी दलों में दिख रही है, वही साबित करती है कि इससे कई घुसपैठियों के नाम डिटेक्ट और डिलीट होने वाले हैं।
आईपीएस के आत्महत्या के मामले को राजनीति मुद्दा न बनाया जाए
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या पर उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है। सरकार इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। मैं सभी से निवेदन करता हूं कि इस मुद्दे पर राजनीति न करें।
आतंकवाद और नक्सलवाद पर बयान
तरुण चुघ ने कहा कि मोदी सरकार आतंकवाद और नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के लिए वचनबद्ध है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए हमने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं। यह सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि हमारी सरकार का मंत्र है। जो आतंकवादी भारत के निर्दोष नागरिकों की हत्या करते हैं, चाहे वे कराची, बहावलपुर या लाहौर में हों, भारत की मिसाइलें उन्हें मिट्टी में मिला देंगी।
आत्मनिर्भर और विकसित भारत पर जोर
चुघ ने बताया कि भाजपा पूरे देश में आत्मनिर्भर भारत अभियान चला रही है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने का माध्यम बनेगा। यह अभियान देश के 17,000 मंडलों में शुरू किया जा रहा है।
हरियाणा के विकास पर बोले तरुण चुघ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हरियाणा दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि हरियाणा, हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर मोदी जी के दिल के करीब हैं। उन्होंने यहां अपने जीवन का बड़ा हिस्सा बिताया है, इसलिए इस क्षेत्र के विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर उनका विशेष ध्यान है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।