Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    IPS पूरन कुमार की अंतिम अरदास में शामिल हुए ओएसडी, सीएम सैनी खुद IAS अमनीत से मिलने घर पहुंचे

    Updated: Sun, 26 Oct 2025 10:29 PM (IST)

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आईएएस अधिकारी अमनीत पी कुमार के घर जाकर उनके पति आईपीएस वाई पूरन कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया। पंचकूला में अंतिम अरदास में कई नेता और अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अमनीत पी कुमार को सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। वाई पूरन कुमार और एएसआई संदीप लाठर ने आत्महत्या कर ली थी, जिससे पूरे देश में सनसनी फैल गई थी।

    Hero Image

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ में सरकारी आवास पर आईएएस अमनीत पी कुमार से मुलाकात करते हुए।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को आईएएस अधिकारी अमनीत पी कुमार के निवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत पति आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया। पंचकूला के गुरुद्वारा नाडा साहिब में वाई पूरन कुमार की अंतिम अरदास थी, जिसमें राजनीतिक दलों के कई नेताओं, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों तथा परिवार के सदस्यों ने भागीदारी कर वाई पूरन कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस दौरान वाई पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी कुमार, ससुर बी रतन सिंह और बेटी अमूल्या भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू निकल आए। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अमनीत पी कुमार को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है।

    मुख्यमंत्री ने वाई पूरन कुमार की अंतिम अरदास में अपने ओएसडी भारत भूषण भारती को गुरुद्वारा नाडा साहिब भेजा, जबकि स्वयं अपने राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी के साथ निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।

    मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अमनीत पी कुमार से कहा कि दुख की घड़ी में वे स्वयं और उनकी सरकार परिजनों के साथ हैं। तीन दिन पहले केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल भी अपने मुख्य मीडिया सलाहकार सुदेश कटारिया के साथ अमनी पी कुमार के निवास पर पहुंचे थे और वाई पूरन कुमार के देहावसान पर दुख जताया था।

    मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल रोहतक के साइबर सेल में कार्यरत एएसआई संदीप लाठर के देहावसान पर भी दुख जताने पहुंचे थे। वाई पूरन कुमार और संदीप लाठर दोनों ने रिवाल्वर से आत्महत्या कर ली थी। दोनों पुलिस अधिकारियों की आत्महत्याओं से पूरे देश में सनसनी फैल गई थी।

    पंचकूला में आयोजित वाई पूरन कुमार की अंतिम अरदास में कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, दिल्ली के पूर्व मंत्री संदीप वाल्मीकि, पंजाब के विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां, भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी, कांग्रेस नेता उदित राज, कांग्रेस नेत्री चित्रा सरवारा, एसीएस जी अनुपमा, उकलाना के कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल और अंबाला के कांग्रेस सांसद वरुण मुलाना समेत कई नेता और अधिकारियों ने वाई पूरन कुमार को श्रद्धासुमन अर्पित किए। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री संदीप वाल्मीकि ने एक शोक सभा दिल्ली में ही कराने की बात कही है, जिसकी तारीख अभी घोषित की जानी बाकी है।