Updated: Wed, 08 Oct 2025 07:22 PM (IST)
हरियाणा प्रशासनिक सेवा (एचसीएस) के दो सेवानिवृत्त अधिकारी अमरदीप सिंह और सुभिता ढाका अब भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पदों पर पदोन्नत हुए हैं। केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) के हस्तक्षेप के बाद यह निर्णय आया है। कैट ने अधिकारियों के पक्ष में फैसला सुनाया जिसके बाद उन्हें काल्पनिक रूप से आईएएस के पदों पर प्रमोट किया गया। 
                राज्य ब्यूरो,            चंडीगढ़। हरियाणा प्रशासनिक सेवा (एचसीएस) के दो सेवानिवृत्त अधिकारी अमरदीप सिंह और सुभिता ढाका अब भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के पदों पर प्रमोट हुए हैं। दोनों एचसीएस अधिकारी अपनी सेवानिवृत्ति के बाद आइएएस बने हैं।                
                       यह फैसला केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) की चंडीगढ़ पीठ के हस्तक्षेप के बाद आया है, जिसने दोनों अधिकारियों की याचिका पर उनके पक्ष में निर्णय सुनाया है।               कैट के निर्णय के बाद केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय ने 2022 और 2023 बैच में दोनों एचसीएस अधिकारियों को क्रमशः काल्पनिक रूप से आइएएस के पदों पर प्रमोट करने का आदेश जारी किया है।                      
  विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
                               इस प्रमोशन को ‘काल्पनिक’ इसलिए कहा गया है क्योंकि यह वास्तविक पदभार ग्रहण की तारीख से नहीं, बल्कि नियत वरिष्ठता तिथि से प्रभावी माना जाएगा। दोनों अधिकारी लंबे समय से आइएएस के पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया में शामिल थे।                      
                                जुलाई 2025 में चयन कमेटी ने 2022 बैच में आठ और 2023 बैच में 10 रिक्तियों के लिए पदोन्नति की सिफारिश की थी, जिसे हरियाणा सरकार, केंद्र सरकार और केंद्रीय लोक सेवा आयोग ने पहली अगस्त को मंजूरी दी थी।                 इस बीच अमरदीप सिंह को सेवानिवृत्त हुए लगभग एक वर्ष और सुभिता ढाका को लगभग छह महीने बीत चुके थे।                             
                                         चूंकि एचसीएस अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष है, इसलिए दोनों का आइएएस प्रमोशन नोटिफिकेशन जारी नहीं हो सका। प्रमोशन में देरी से व्यथित होकर दोनों अधिकारियों ने कैट में याचिका दाखिल की। कैट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाते हुए केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि एक तर्कसंगत और स्पष्ट आदेश जारी किया जाए, ताकि दोनों को उनका वैधानिक अधिकार मिल सके।                             
                                                  कैट के आदेश के बाद केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय की ओर से दोनों अधिकारियों के आइएएस प्रमोशन का आदेश जारी किया जाएगा। इस नोटिफिकेशन के बाद हरियाणा सरकार उन्हें फिर से ज्वाइन करवाएगी।                                     
                                               हरियाणा सरकार अब उन्हें काल्पनिक नियुक्ति के आधार पर दोबारा सेवा में शामिल करेगी। इस प्रक्रिया के तहत अमरदीप सिंह को आइएएस के 2022 बैच में शामिल किया गया है। सुभिता ढाका को 2023 बैच मिला है। दोनों अधिकारियों की सेवा अवधि उनके रिटायरमेंट और नए आदेश के बीच के समय को शामिल करते हुए उनकी उम्र 60 वर्ष पूरी होने तक मानी जाएगी।                                     
                                                            सुभिता ढाका रोहतक में भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर सिंह ढाका की पत्नी हैं। वे छह माह पहले ही सेवानिवृत्त हुई थीं। उनकी नियुक्ति पूर्व की चौटाला सरकार के समय हुई थी। दोनों अधिकारियों को अब आइएएस कैडर से जुड़ी सभी सेवा सुविधाएं, वेतनमान, पेंशन और अन्य लाभ प्राप्त होंगे।                                              
                                                            यह फैसला उन दर्जनों एचसीएस अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक है जो प्रमोशन प्रक्रियाओं में लंबी प्रशासनिक देरी से प्रभावित होते हैं। कैट के इस आदेश ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अधिकारी पदोन्नति के लिए योग्य है तो केवल रिटायरमेंट की तकनीकी स्थिति उसके हक को खत्म नहीं कर सकती।                                              
  
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।