'भविष्य खराब न करें, तुंरत रिहा करें...', मनीषा मौत मामले में 50 से अधिक युवाओं की गिरफ्तारी पर बोलीं विनेश फोगाट
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में भिवानी मामले में युवाओं की गिरफ्तारी का मुद्दा उठा। विधायकों ने ग्रामीण सड़कों को पक्का करने कर्मचारियों को बहाल करने और वेतन बढ़ाने की मांग की। जलभराव अवैध कॉलोनियों और बिजली की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सरकार से इन समस्याओं पर ध्यान देने का आग्रह किया गया।

राज्य ब्यूरो, पंचकूला। हरियाणा मानसून सत्र के आखिरी दिन कई विषय चर्चा के विषय रहे। इसी क्रम में भिवानी में मनीषा मौत मामले पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस की ही विधायक विनेश फौगाट ने भिवानी जिले की मनीषा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में 50 से अधिक युवाओं की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है, इसलिए सरकार को उन्हें रिहा करना चाहिए ताकि उनका भविष्य खराब न हो। वे अपराधी नहीं हैं। कुछ मीडिया कर्मियों को भी गिरफ्तार किया गया है, इसलिए इन सबको रिहा करना चाहिए।
'कच्चे रास्तों को किया जाएगा पक्का'
हरियाणा के सभी गांवों में तीन से चार करम चौड़े रास्तों को पक्का किया जाएगा। एक करम में 2.81 मीटर या साढ़े पांच फीट होते हैं। सभी विधायक साल में 25 किलोमीटर की सड़क बनवाने का प्रस्ताव सरकार को दे सकेंगे।
शून्यकाल में सहकारिता मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि बरसात में खराब हुई सड़कों को देखते हुए यह फैसला किया गया है।
विधायक हर साल 25 किलोमीटर सड़कों पर काम करा सकेंगे। भाजपा विधायक निखिल मदान ने 12 हजार विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इनका वेतन बढ़ाने के साथ ही जाब सिक्योरिटी दी जाए।
450 कर्मचारियों को फिर से नौकरी पर रखने की मांग
कांग्रेस विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने पशुपालन विभाग से निकाले गए हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे 450 कर्मचारियों को फिर से नौकरी पर रखने की मांग की।
साथ ही उत्तर प्रदेश की तर्ज पर योग प्रशिक्षकों को 32 हजार रुपया वेतन देने का अनुरोध किया। कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि माइनस में टेंडर से बहुत नुकसान हो रहा है। सरकार को यह प्रथा तुरंत बंद करनी चाहिए।
नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने कहा कि नूंह में अधिकतर गांवों में जलभराव से किसानों को बहुत नुकसान हुआ है। प्रभावित गांवों में जल्द पानी निकालने का काम किया जाए। नूंह शहर में भी पानी भरा हुआ है। सरकार इस मामले का संज्ञान ले।
भाजपा विधायक बिमला देवी ने कहा कि वर्ष 2011 में कुछ किसानों की जमीनों को अधिग्रहीत किया गया था, जिन्हें 2021 में मुआवजा दिया गया। इसलिए उन्हें दस सालों का ब्याज देते हुए एक-एक प्लाट भी दिया जाए। इसके अलावा पटौदी में फिल्म सिटी बनाई जाए।
भाजपा विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि हमारे इलाके में गड़रिया काफी घूमते हैं, उन्हें प्लाट दिए जाएं। स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर पार्क बनाए जाएं। कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने कहा कि आटो मार्केट के लिए नई पालिसी बनानी चाहिए। सिरसा में तीन माइनर 15 के बजाय सात दिन चल रही हैं। खुलेआम चिट्टा बिक रहा है।
'यहां 24 अवैध कॉलोनियां हैं'
भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि उनके यहां 24 अवैध कॉलोनियां हैं, जिन्हें सरकार अप्रूव करे। घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि रतनपुरा गांव में थर्मल पावर प्लांट की राख से लोगों को बहुत दिक्कत है। सरकार को इस गांव को शिफ्ट कर उन्हें राहत देनी चाहिए।
गुरुग्राम से भाजपा विधायक मुकेश शर्मा ने बिजली की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हमारे यहां का बस स्टैंड बहुत खराब है। यहां ऐसा स्टैंड बने जहां माल भी हो और पार्किंग भी हो। पवन खरखौदा ने कहा कि खरखौदा में मूलभूत सुविधाओं की काफी कमी है।
आदित्य सुरजेवाला ने मंडी टाउनशिप का मुद्दा उठाया। हांसी से भाजपा विधायक विनोद भयाना ने अपने हलके में जलभराव की समस्या का मुद्दा उठाया। समालखा से भाजपा विधायक मनमोहन भड़ाना ने सवाल किया कि उनके यहां चकबंदी का काम कब शुरू होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।