'आतंकवाद और अपराध के खिलाफ जीरो टालरेंस', CM नायब सैनी बोले- साजिश रचने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस को कमजोर कर दिया है। बिहार में कांग्रेस की हार देखकर राहुल हरियाणा में वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी के कारण हरियाणा में उनकी सरकार नहीं बनी। भाजपा अपने काम के बल पर सत्ता में आई है।
-1762791995473.webp)
CM नायब सैनी बोले- साजिश रचने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिहार में चुनाव प्रचार करने के बाद सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकियों के नेटवर्क खंगालने में हरियाणा पुलिस जांच एजेंसियों का सहयोग कर रही है।
आतंकी साजिश रचने में जिस डाक्टर को पकड़ा गया है, उसके फरीदाबाद के धौज स्थित किराये के घर से विस्फोटक बरामद करने में फरीदाबाद पुलिस ने कड़ी सतर्कता दिखाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकवाद और अपराध के खिलाफ जीरो टालरेंस नीति पर पूरी तरह से काम किया जा रहा है। आतंकी साजिश रचने में जो भी शामिल हैं उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करने के बाद मीडिया से बात करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री 25 नवंबर को हरियाणा आएंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस कार्यक्रमों के समापन अवसर पर कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा, गीता जयंती महोत्सव की कड़ी में चल रहे कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। गीता महोत्सव का शुभारंभ प्रधानमंत्री ने कराया था।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पीएम मोदी देश और प्रदेश के विकास को लेकर प्रयासरत रहते हैं। प्रधानमंत्री पूरे देश को मजबूत करने में लगे हैं जिससे विपक्ष के नेता बौखलाए हुए हैं।
प्रधानमंत्री के बारे में वे अनर्गल बातें करते हैं। उन्होंने बिहार में कांग्रेस की हार और एनडीए की जीत का दावा किया है। राहुल राजनीति की पाठशाला ज्वाइन करें मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी की जड़ तक खोद दी है। उनके रवैये से पार्टी पाताल में जा रही है। राहुल को हमारी सलाह है कि वह राजनीति की पाठशाला में जाकर सीखें कि राजनीति कैसे की जाती है।
बिहार में उन्हें लग गया कि कांग्रेस को जमीन नहीं मिल रही और एनडीए की सरकार बनेगी तो वह हरियाणा में वोट चोरी का आरोप लगाकर संविधान को चुनौती देने वाली राजनीति कर रहे हैं। नायब सिंह सैनी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हरियाणा की जनता को पता है कि कांग्रेस की सरकार उनकी गुटबाजी के चलते नहीं बनी।
भाजपा काम के बल पर सत्ता में आई है। राहुल के पास कुछ कहने को नहीं है। वह अपनी पार्टी के साथ लोगों को भी भ्रमित कर रहे हैं। कांग्रेस के जन आंदोलन का असर लोगों में नहीं पड़ने वाला है। पहले ईवीएम खराब थी, अब वोट चोरी हो गए हैं। इसके अलावा विपक्ष के पास कुछ बचा ही नहीं है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।