पानीपत में पीरियड से परेशान युवती ने फंदा लगाकर दी जान, 8 दिन पहले ही हुई थी बालिग
पानीपत के जलमाना गांव में मासिक धर्म की दिक्कतों से परेशान होकर एक 18 वर्षीय युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता के अनुसार अन्नू नामक युवती महिलाओं से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही थी और इलाज के बावजूद ठीक नहीं हो रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के गांव जलमाना में मासिक धर्म के दौरान आने वाली दिक्कतों से परेशान होकर युवती ने घर में फंदा लगाकर जान से दे दी। मृतका आठ दिन पहले ही बालिग हुई थी। वह पिता को चाय देकर मकान के पहले तल पर कमरे में गई थी। वहीं, उसने पंखे पर चुन्नी के साथ फंदा लगाया।
बापौली थाना पुलिस ने पिता के बयान पर पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया। गांव जलमाना निवासी पिता सुरेंद्र ने बताया कि वह दो बेटियों और दो बेटे का पिता है। सबसे बड़ी बेटी 18 वर्षीय अन्नू थी। अन्नू 12वीं पास करने के बाद कंप्यूटर कोर्स कर रही थी। उसने आइटीआई में भी दाखिला लिया था।
अन्नू का 14 जुलाई को जन्मदिन था। इसी को वह 18 साल की हुई थी। सोमवार शाम को वह दूसरे नंबर की बेटी को सरकारी अस्पताल में दिव्यांग सर्टिफिकेट बनवाने के लिए लाया था। यहां से शाम करीब साढ़े 4 बजे वे वापस घर पहुंचे। घर पहुंचने पर अन्नू ने ही चाय बनाकर दी। इसके बाद वह ऊपर वाले कमरे में चली गई।
कुछ देर बाद वह ऊपर गया तो देखा कि कमरे का दरवाजा आधा बंद था। संदेह होने पर वह भीतर गया तो देखा कि बेटी पंखे पर कपड़े के फंदे से लटकी हुई थी। इसकी सूचना पुलिस को दी। सुरेंद्र ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है।
अन्नू पिछले काफी समय से महिलाओं से संबंधित समस्याओं से जूझ रही थी, जिसका इलाज भी चल रहा था। नियमित इलाज के बावजूद वह ठीक नहीं हो रही थी। इसी से वह परेशान रहती थी। शायद इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।