पानीपत: शराब पीकर निगला जहर, सैलून संचालक और हेल्पर ने गेस्ट हाउस में क्यों दे दी जान?
पानीपत में एक गेस्ट हाउस में सैलून संचालक और उसके हेल्पर ने जहर खाकर जान दे दी। मृतकों की पहचान अश्वनी और जीवन के रूप में हुई है। दोनों ने गेस्ट हाउस में कमरा लिया और संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया। घटना का कारण अज्ञात है पुलिस जांच कर रही है। जीवन हेयर ड्रेसर बनना चाहता था और अश्वनी के सैलून में काम सीख रहा था।

जागरण संवाददाता, पानीपत। पुराना औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत असंध रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस में सोमवार रात को हेयर सैलून के संचालक और उसके हेल्पर ने जहर निगलकर जान दे दी। मृतकों की पहचान पिल्लूखेड़ा निवासी अश्वनी और कुरुक्षेत्र के सेक्टर आठ निवासी जीवन (17) वर्षीय के तौर पर हुई।
मिली जानकारी अनुसार सैलून संचालक सोमवार सुबह अपने हेल्पर जीवन को कुरुक्षेत्र के सेक्टर आठ से लेने के लिए निकला था। वहां से लौटते समय दोनों ने पानीपत में एक गेस्ट हाउस में कमरा लेकर शराब पी।
इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में दोनों ने जहर निगल लिया। इस घटना के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने स्वजन के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिए गए हैं।
कुरुक्षेत्र के सेक्टर आठ निवासी राजेंद्र ने बताया कि कुरुक्षेत्र में उसका विदेश भेजने का आफिस है। उसकी एक बेटी है और एक 17 वर्षीय बेटा जीवन था। जीवन ने इसी साल 10वीं पास की थी। उसने अपने बेटे को आस्ट्रेलिया भेजने की योजना बनाई थी, जहां हेयर ड्रेसर की अच्छी कमाई होती है।
इसलिए उसने अपने जानकार अश्वनी के पास जीवन को हेयर कटिंग का काम सीखने के लिए भेजा था। अश्वनी का पिल्लूखेड़ा मंडी में खुशबू हेयर सैलून है, जहां चार अन्य युवक भी काम करते हैं। जीवन सप्ताह में एक बार घर आता था और अश्वनी के घर पर ही रहता था।
जीवन रविवार को घर आया था और सोमवार दोपहर को अश्वनी को लेने आया। दोनों ने असंध रोड पर एक गेस्ट हाउस में कमरा लिया। रात करीब 12 बजे गेस्ट हाउस के कर्मचारियों को कमरे से शोर सुनाई दिया। जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो अश्वनी और जीवन तड़प रहे थे।
उन्हें तुरंत बाहर निकाला गया और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन मंगलवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे दोनों ने दम तोड़ दिया। अश्वनी चार भाई बहनों में तीसरे नंबर का था और दो बच्चों का पिता था।
अश्विनी की पत्नी ब्यूटी पार्लर चलाती है। भाई राजेश का भी अलग हेयर सैलून है, साथ ही टूर एंड ट्रेवलिंग का काम है। अश्विनी के पिता ओमप्रकाश की मौत हो चुकी है। अश्विनी व उसके सैलून पर काम करने वाले जीवन के सुसाइड करने पर पिल्लूखेड़ा मंडी में अलग-अलग चर्चाएं हैं। हालांकि मौत के कारणों को लेकर कोई कुछ नहीं बोल रहा है।
पुलिस थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह का कहना है कि गेस्ट हाउस से रात करीबन डेढ़ बजे दोनों के जहर खाने की सूचना मिली थी। जहर कहां से लेकर आए थे, इसका अब तक पता नहीं है। गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिए हैं। आत्महत्या करने के पीछे के कारण तलाशे जा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।