केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत पर राजबब्बर ने किया कटाक्ष, बोले-राजा की वचनबद्धता होनी चाहिए
कांग्रेस नेता राज बब्बर ने रेवाड़ी के भगवानपुर में अस्पताल निर्माण में देरी पर राव इंद्रजीत सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राव को अपना वादा निभाना चाहिए और भगवानपुर में ही अस्पताल बनवाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राव को जनता से जिद नहीं करनी चाहिए और अपनी बेटी स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से बात करनी चाहिए।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। गांव भगवानपुर में अस्पताल को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच रविवार को फिल्म अभिनेता और कांग्रेसी नेता राज बब्बर रेवाड़ी पहुंचे। यहां पत्रकारों से बात करते हुए राज बब्बर ने कहा अगर प्रसारित आडियो सही है तो राजा साहब को अपनी जुबान पर कायम रहते हुए भगवानपुर में ही अस्पताल बनवाना चाहिए। राजा की जुबान ही उसका वचन होती है।
पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री एवं सांसद राव इंद्रजीत सिंह एक राजा है और राजा अपना वायदा पूरा करते हैं। नागरिक अस्पताल की सुध लेने के साथ ही नए अस्पताल का निर्माण कराना चाहिए। अस्पताल तो एक से अनेक भी बनाए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह को आम लोगों से जिद नहीं करनी चाहिए। सांसद के लिए सभी समान होते हैं और वचनबद्धता होनी चाहिए। संभवतया देश का पहला परिवार है, जिसमें पिता केंद्र और बेटी प्रदेश में मंत्री हो और उसके बाद भी अस्पताल निर्माण में देरी हो।
बब्बर ने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह प्रभावशाली नेता है। वह जो चाहते है वह करा लेते हैं। बेटी से न हारना चाहिए। वह (आरती सिंह राव) आपकी बेटी है। उनसे बात करनी चाहिए। अगर जरूरत पड़ेगी तो हम भी मिल लेंगे, वह प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री के साथ ही हमारी भी बेटी है। इससे पूर्व राजबब्बर गांव रामगढ़ में स्वर्गीय राममेहर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।