गोहाना मंडी आने वाले किसानों के लिए जरूरी खबर, सुबह इस समय से लगनी होगी लाइन
गोहाना की नई अनाज मंडी में धान की भारी आवक से किसानों को परेशानी हो रही है। मंडी में जगह की कमी के कारण जींद रोड पर लंबा जाम लग गया। 30 अक्टूबर से रोजाना 50 हजार क्विंटल से अधिक धान आ रहा है, जिससे मंडी में 9.65 लाख क्विंटल धान जमा हो गया है। पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया।

गोहाना की नई अनाज मंडी में धान की भारी आवक से किसानों को परेशानी हो रही है।
जागरण संवाददाता, गोहाना। शहर के जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में पांच दिनों से धान की भारी आवक हो रही है। आवक के अनुपात में धान का उठान नहीं हो रहा है। मंडी धान से अटी पड़ी है, जिससे किसानों को अपने वाहनों से उपज उतारना मुश्किल हो रहा है। सोमवार को मंडी के बाहर जींद रोड पर करीब 400 मीटर तक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लाइन लग गई, जिससे यातायात बाधित रहा। पुलिस कर्मियों ने स्थिति संभाली और यातायात बहाल हुआ।
नई अनाज मंडी में 30 अक्टूबर से रोजाना 50 हजार क्विंटल से अधिक धान की आवक हो रही है। किसान अपने खेतों में कंबाइन हार्वेस्टर से धान की कटाई कर रहे हैं और उपज को सीधे मंडी में पहुंचा रहे हैं। मंडी में करीब 9.65 लाख क्विंटल धान आ चुका है। सोमवार को किसान 58 हजार क्विंटल से अधिक धान लेकर मंडी पहुंचे।
सुबह पांच बजे से ही किसान अपनी उपज लेकर पहुंचने लगे थे। मंडी धान से अटी पड़ी है और नए किसानों को अपने वाहनों से उपज उतारने में समय लग रहा है। इसके चलते सोमवार को मंडी के बाहर जींद रोड पर धान से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार लग गई। वाहनों की कतार मंडी गेट से लेकर जींद रोड पर फ्लाईओवर तक फैली हुई थी।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार एक लेन में लगी थी, जबकि अन्य वाहनों को दूसरी लेन से गुजरना पड़ा। इससे जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली। सुबह करीब 10 बजे तक यातायात बहाल हो सका।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।