Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोनीपत में चार सीएनजी पंपों पर सप्लाई शुरू, वाहन चालकों को मिली राहत

    Updated: Mon, 25 Aug 2025 07:03 PM (IST)

    सोनीपत में गेल गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण सीएनजी की आपूर्ति बाधित हो गई थी। अब कंपनी ने वैकल्पिक व्यवस्था कर चार पंपों पर सीमित समय के लिए आपूर्ति फिर से शुरू कर दी है। फिलहाल रात एक बजे से सुबह छह बजे तक सीएनजी मिलेगी। यमुना में जलस्तर बढ़ने से पाइपलाइन की मरम्मत का काम बाधित है इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था जारी रहेगी।

    Hero Image
    गेल गैस ने वैकल्पिक व्यवस्था से आपूर्ति शुरू की। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, सोनीपत। लंबे इंतजार और परेशानी के बाद आखिरकार जिले के वाहन चालकों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। गेल गैस कंपनी की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण बंद हुई सीएनजी आपूर्ति अब जिले के चार पंपों पर फिर से शुरू कर दी गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कंपनी ने इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए सीमित समय के लिए आपूर्ति बहाल कर दी है। अभी रात एक बजे से सुबह छह बजे तक सीएनजी दी जा रही है। हालांकि, स्थिति सामान्य होने पर आपूर्ति का समय धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा।

    यमुना नदी से गुजरने वाली गेल गैस कंपनी की मुख्य पाइपलाइन 18 अगस्त को जलस्तर बढ़ने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके कारण जिले के सीएनजी स्टेशनों पर सीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई थी। सीएनजी न मिलने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

    सार्वजनिक परिवहन से लेकर निजी वाहन चालक तक, सभी रोजाना पेट्रोल-डीजल का विकल्प तलाशने को मजबूर थे। इस बीच, कंपनी ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए कुछ पंपों पर सीमित समय के लिए सीएनजी उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है।

    योजना के तहत शुरुआत में कंपनी ने रोटेशन प्रणाली के तहत पंपों पर आपूर्ति करने की तैयारी की थी, लेकिन वाहन चालकों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए अब रोजाना आपूर्ति करने का फैसला लिया गया है। जिले के चारों प्रमुख पंपों पर रोजाना आधी रात से सुबह छह बजे या उससे भी अधिक समय तक सीएनजी उपलब्ध रहेगी।

    इसके बावजूद आम लोगों को बड़ी राहत महसूस हो रही है, अब उन्हें पेट्रोल-डीजल पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि यमुना में बढ़ते जलस्तर के कारण मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत का काम बाधित है। तब तक वाहन चालकों को असुविधा से बचाने के लिए यह वैकल्पिक व्यवस्था जारी रहेगी।

    वाहनों का दबाव बढ़ते ही घट जाता है प्रेशर

    सेक्टर-7 राज फिलिंग स्टेशन के सुपरवाइजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पंपों पर देर रात आपूर्ति शुरू कर दी जाती है, जो सुबह छह बजे तक जारी रहती है। हालांकि, अभी प्रेशर 14 तक ही आ रहा है। कम प्रेशर के कारण एक ही कंप्रेसर काम कर पाता है, जिससे वाहनों के लिए प्रेशर 190 के आसपास रहता है।

    हालांकि, वाहनों का दबाव बढ़ते ही प्रेशर घटता रहता है। अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति का समय धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा।

    यहां सीएनजी आपूर्ति शुरू

    • सोनीपत सेक्टर-7 स्थित राज सीएनजी स्टेशन
    • प्रेम सीएनजी स्टेशन, बड़वासनी
    • ओम शांति फिलिंग स्टेशन, गोहाना रोड बाईपास
    • अजय फिलिंग स्टेशन, लड़सौली

    सीएनजी वाहन चालकों को राहत देते हुए, ज़िले के चार पंपों पर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। हालाँकि शुरुआत में इसे इसी रोटेशन के अनुसार देने की योजना थी, लेकिन अब इसे प्रतिदिन सीमित समय के लिए दिया जा रहा है। अभी केवल छह से आठ घंटे की आपूर्ति दी जा रही है, धीरे-धीरे इसका समय भी बढ़ाया जाएगा। हालाँकि, अभी प्रेशर कम है, जिसके कारण केवल एक कंप्रेसर ही काम कर रहा है।

    -राज सिंह दहिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष, सीएनजी स्टेशन यूनियन, गेल गैस