Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मैक्लोडगंज में प्रकृति का प्रकोप, चर्च के पास भूस्खलन से पेड़ गिरे; तीन घंटे तक यातायात रहा ठप

    Updated: Fri, 19 Sep 2025 06:08 PM (IST)

    मैक्लोडगंज में भारी बारिश के कारण चर्च के पास भूस्खलन हुआ जिससे सड़क अवरुद्ध हो गई और यातायात बाधित हो गया। तीन घंटे तक मार्ग बंद रहने से लोगों को परेशानी हुई खासकर विद्यार्थियों और पर्यटकों को। जोगीबाड़ा और भागसूनाग में भी भूस्खलन हुआ। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को बहाल कर दिया।

    Hero Image
    मैक्लोडगंज रोड में चर्च के पास भूस्खलन, कई पेड़ गिरे (फोटो: जागरण)

    जागरण संवाददाता, धर्मशाला। प्रमुख पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज भूस्खलन के कारण धर्मशाला से कटा रहा। शुक्रवार दोपहर को हुई तेज बारिश के कारण आए भूस्खलन के चलते कई पेड़ गिरे और मलबा सड़क पर आ गया। एक साथ कई पेड़ गिरने और मलबा आने से मैक्लोडगंज व चर्च के पास आवाजाही बाधित हो गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खड़ा डंडा रोड पहले ही बाधित चल रहा है। ऐसे में धर्मशाला से मैक्लोडगंज व मैक्लोडगंज से धर्मशाला जाने वाले लोगों को परेशानी से दो चार होना पड़ा। विद्यार्थियों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी, वहीं पर्यटकों को भी आवाजाही में दिक्कत हुई।

    मैक्लोडगंज के लिए सिर्फ और सिर्फ एक मात्र बाईपास मार्ग काम आया। फरसेटगंज, पुलिस थाना से टैंगल बोर्ड वाया हायात रेजिडेंसी मार्ग होते हुए वाहनों को मैक्लोडगंज लाया गया, जबकि ज्यातर वाहन भूस्खलन के दोनों तरफ ही फंस कर रह गए।

    यहीं नहीं मैक्लोडगंज चर्च मार्ग पर ही नहीं, जोगीबाड़ा रोड व भागसू रोड पर भी काफी मात्रा में भूस्खलन हुआ है। जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतें बढ़ गई हैं। वहीं, किरपू मोड के पास खड्डा डंडा मार्ग के पास हुए बड़े भूस्खलन में लोगों को पैदल चलने के लिए लोहे के पुल को बनाया गया है। लेकिन इस मार्ग को पैदल यात्रियों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालक प्रयोग में ला रहे हैं।

    SDO धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जोगीबाड़ा रोड, भागसूनाग रोड में भूस्खलन हुआ था और मलबा सड़क पर गिर गया था। जिससे आवाजाही रुकी थी। भागसूनाग रोड का मलबा हटाकर मार्ग को आवाजाही के लिए बहाल करवा दिया है।जोगीबाड़ा रोड का भी मलबा हटाया है। जबकि एनएच 504 में फरसेटगंज मैक्लोडगंज में हुए भूस्खलन को हटाने के लिए भी प्रशासन ने जेसीबी लगाई व मलबा हटाया।

    धर्मशाला के SDM ने कहा कि मलबा हटाने के लिए दो जेसीबी को भेजा गया था। करीब ढाई-तीन घंटे के बाद मार्ग को बहाल कर दिया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और विभागों को जरूरी दिशा निर्देश दिए हुए हैं।