Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    धर्मशाला: व्यक्ति की निर्मम हत्या, खून से लथपथ मिला शव; घर से मृतक का बेटा गायब, पत्नी के साथ भी संबंध ठीक नहीं

    Updated: Mon, 11 Aug 2025 10:23 PM (IST)

    धर्मशाला के शाहपुर में विनीत नामक एक व्यक्ति अपने घर में खून से लथपथ पाया गया। उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न और उनकी टीम मौके पर हैं और जांच कर रही है। मृतक का बेटा गायब है और उसका मोबाइल बंद है जिससे मामला और उलझ गया है।

    Hero Image
    धर्मशाला में व्यक्ति की हत्या, खून से लथपथ मिला शव। सांकेतिक फोटो

    जागरण संवाददाता, धर्मशाला। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुधेड़ के गांव तरैला में एक व्यक्ति का शव घर में खून से लथपथ मिला है। मृतक के सिर पर गंभीर चोट है। घटना से समूचे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना स्थल की जानकारी मिलने के बाद धर्मशाला पुलिस टीम मौके पर पहुंची है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर भी घटनास्थल पर हैं और फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर पहुंची है। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि मृतक की हत्या किसने और क्यों की है। इसके पीछे कौन कौन है। पुलिस सभी बिंदुओं की पड़ताल कर ही है।

    बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान 45 वर्षीय विनीत के रूप में हुई है। उसका अपनी बीवी के साथ संबंध ठीक नहीं था और बीवी उसके साथ नहीं रहती थी। घर में विनीत अपने बेटे व भाई-भाभी के साथ रहता था। भाई-भाभी रक्षाबंधन के चलते अपनी बहन के घर गए थे। घर पर विनीत व उसका बेटा ही थे।

    बताया जा रहा है कि जब मृतक का भाई पूर्व उप प्रधान घर पहुंचा तो मृतक के खून से लथपथ शव को देखा और इसकी सूचना पंचायत प्रधान व पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर पड़ताल शुरू कर दी है।

    हालांकि बताया जा रहा है कि मृतक का बेटा भी घर से गायब है और उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है और मोटरसाइकिल भी वहां पर नहीं है। ऐसे में अभी तक पुलिस के लिए गुत्थी अनसुलझी सी है। यह भी बताया जा रहा है कि बाहर से आए लोगों ने इस हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस सभी बिंदुओं की पड़ताल कर रही है।

    उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौका पर पहुंची थी। फारेंसिक और पुलिस द्वारा द्वारा साक्ष्य जुटाने के साथ घटना की जांच की जा रही है।

    हर बिंदु पर पड़ताल हो रही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। मौके से एक सिंगल बैरल गन मिली है। मृतक को हेड इंजरी हुई है।