Himachal News: करवाचौथ पर घर आए सेना के जवान की सड़क हादसे में मौत, 3 साल पहले हुई थी शादी; पत्नी का सुहाग उजड़ा
कांगड़ा के शाहपुर में करवाचौथ पर छुट्टी लेकर घर आए सेना के जवान सुमित कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक फिसलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दुरेगला में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। तीन साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। सुमित वालीबाल के बेहतरीन खिलाड़ी थे।

शाहपुर के दुरगेला में हादसे में सेना के जवान की मौत हो गई। प्रतीकात्मक फोटो
संवाद सूत्र, शाहपुर (कांगड़ा)। करवाचौथ पर घर आए सेना के जवान की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा दुरगेला के पास शुक्रवार शाम हुआ। जानकारी के मुताबिक सुमित कुमार पुत्र (28)उत्तम चन्द निवासी गांव पलवाला शुक्रवार सांय अपने घर से करवाचौथ का सामान लेने के लिए निकला था।
इस दौरान कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक फिसल गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल शाहपुर ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
वहीं शनिवार को दुरेगला स्थित गोह्जू के श्मशानघाट में गमगीन माहौल में सुमित सिंह का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में विधायक केवल सिंह पठानिया, प्रशासन की ओर से कानूनगो अजय कुमार और भारतीय सेना की पंजाब रेजिमेंट और जैक राइफल के जवानों ने अपने जांबाज जवान की अंतिम यात्रा में शिरकत कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
तीन साल पहले हुई थी शादी
इस दौरान सैन्य कर्मियों द्वारा पूरे सैनिक सम्मान के साथ सुमित सिंह की पार्थिव देह पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सुमित की आयु अभी महज़ 28 साल ही थी और तीन साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी।
यह भी पढ़ें: Himachal News: करवाचौथ के दिन सड़क दुर्घटना में उजड़ा सुहाग, बेटे के साथ घर जा रहा बाइक सवार आया बस के नीचे
वालीबाल के बेहतरीन खिलाड़ी थे सुमित
विधायक केवल पठानिया ने बताया कि सुमित सिंह वालीबाल के अच्छे खिलाड़ी थे व भारतीय सेना में भी उन्होंने इस खेल को बुलंदियों पर पहुंचाया। सुमित 13 जैक में भर्ती थे व वर्तमान में कुपवाड़ा में 3 आरआर में तैनात थे। वह इन दिनों छुट्टी पर घर आए थे। विधायक ने दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।