Himachal: दिवाली के दिन भी लंबे रूट पर दौड़ेंगी HRTC बसें, लोकल पर रहेगा असर; वापसी के लिए भी बनाया प्लान
हिमाचल पथ परिवहन निगम दिवाली की रात दिल्ली, हरिद्वार और शिमला के लिए विशेष बसें चलाएगा क्योंकि स्थानीय बसें शाम 5 बजे के बाद बंद रहेंगी। जोगिंदरनगर और धर्मशाला से हरिद्वार के लिए बसें चलेंगी, जो कांगड़ा में मिलेंगी। बैजनाथ से दिल्ली और धर्मशाला से शिमला के लिए भी बसें उपलब्ध होंगी। दिवाली के बाद भी दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी के लिए विशेष बसें जारी रहेंगी।

दिवाली पर भी हिमाचल पथ परिवहन निगम की लंबे रूट की बसें चलाएगा।
संवाद सहयोगी, धर्मशाला। हिमाचल पथ परिवहन निगम यानी एचआरटीसी ने सोमवार 20 अक्टूबर को रात्रि दिवाली पर हरिद्वार, दिल्ली और शिमला के लिए विशेष बसें चलाने का फैसला लिया है। दिवाली के दिन रात्रि को जाने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े। हालांकि दिवाली के दिन शाम पांच बजे के बाद सभी स्थानीय बसों के पहिये थम जाएंगे।
एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने धर्मशाला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए जानकारी दी कि सायं पांच बजे सभी स्थानीय व लंबें रूटों पर चलने वाली बसों के पहिये थम जाएंगे। ऐसे में हरिद्वार, दिल्ली या शिमला जाने वाले यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए विशेष बसें चलाने की योजना बनाई गई है।
जोगेंद्रनगर से हरिद्वार चलेगी बस
इसके तहत जोगेंद्रनगर से हरिद्वार के लिए दोपहर 2:50 बजे जोगेंद्रनगर से बस चलेगी, जोकि 3:44 बजे बैजनाथ पहुंचेगी। इसके बाद सायं 4:50 बजे पालमपुर, नगरोटा बगवां 5:15 जबकि छह बजे कांगड़ा पहुंचेगी।
धर्मशाला से शाम पांच बजे चलेगी बस
वहीं, धर्मशाला से हरिद्वार के लिए सायं पांच बजे बस चलेगी, जो सायं छह बजे कांगड़ा पहुंचेगी। यहां पर सवारियों की उपलब्धता अनुसार उपरोक्त दोनों बसों के सवारियों को इकट्ठा कर एक ही बस में भेजा जाएगा।
बैजनाथ से दिल्ली के लिए चलेगी गाड़ी
वहीं, बैजनाथ डिपो की बस बैजनाथ से रात नौ बजे दिल्ली के लिए हिम धारा बस चलेगी, जोकि 10:50 बजे कांगड़ा पहुंचेगी। वहीं, धर्मशाला से आने वाली सवारियों को इस बस में बैठाकर आगे दिल्ली भेजा जाएगा।
धर्मशाला से शिमला के लिए भी चलेगी बस
वहीं, धर्मशाला से शिमला के लिए रात 10 बजे बस चलेगी। चंबा डिपो से एक बस वाया पठानकोट-दिल्ली, जबकि दूसरी बस चंबा से शिमला भेजी जाएगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: HRTC की चलती बस में लगी आग, सवारियों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान; हादसे का वीडियो आया सामने
दिवाली के बाद भी चलेंगी विशेष बसें
उन्होंने जानकारी दी कि 17 अक्टूबर को दिल्ली, चंडीगढ़ व बद्दी से 38 बसें आई हैं, इनमें चंडीगढ़ से 25, दिल्ली से 12 जबकि बद्दी से एक बस आई है। शनिवार को 60 गाड़ियां आई हैं, जिसमें दिल्ली से 12, चंडीगढ़ से 33 जबकि बद्दी से 15 बसें शामिल हैं। रविवार, 19 अक्टूबर को भी तीनों स्थानों से विशेष बसें आएंगी। दिवाली के बाद भी यात्रियों को बद्दी, चंडीगढ़ व दिल्ली के लिए भेजने को लेकर विशेष बसें चलाई जाएंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।