कांगड़ा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, चरस का मुख्य सप्लायर कुल्लू से गिरफ्तार, फिरोजपुर से चिट्टा माफिया पकड़ा
कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चरस के मुख्य सप्लायर को कुल्लू से और चिट्टा माफिया को फिरोजपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक किलो छह ग्राम चरस के मामले में रमेश चंद को गिरफ्तार किया है, जबकि चिट्टे के मामले में नितिन कुमार को फिरोजपुर से पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक ने नशा तस्करों की सूचना देने की अपील की है।

जिला कांगड़ा पुलिस की ओर से कुल्लू से पकड़ा गया चरस सप्लायर व फिरोजपुर से गिरफ्तार किया चिट्टा तस्कर। जागरण
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की जिला कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चरस सप्लायर को कुल्लू से गिरफ्तार किया है। तो वहीं बड़े चिट्टा तस्कर को पंजाब के फिरोजपुर से पकड़ा है।
एक किलो छह ग्राम चरस मामले में मुख्य आरोपित 38 वर्षीय रमेश चंद निवासी रोपा, डाकघर सुचियां, तहसील सैंज, जिला कुल्लू से गिरफ्तार किया है। नगरोटा बगवां पुलिस ने मामले में इससे पहले तीन गिरफ्तारियां की है। अब पुलिस ने चौथी गिरफ्तारी की है।
तीन अक्टूबर को पकड़ी थी एक किलो चरस
बताया जा रहा है कि 03 अक्टूबर 2025 को जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम द्वारा ने हरीश कुमार उर्फ बिट्टू निवासी गांव छतरोली डाकघर जसूर तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा उम्र 45 साल व रोकी निवासी गाँव चकधरावखान डाकघर चनग्रां वार्ड नंबर चार तहसील व जिला कठुआ उम्र 34 साल को 01 किलो 06 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया गया था तथा इनके खिलाफ पुलिस थाना नगरोटा बगवां में मामला दर्ज किया था।
तीसरा आरोपित भी किया था गिरफ्तार
आरोपितों से पूछताछ व जांच के दौरान 5 अक्टूबर को पुलिस ने तीसरे आरोपित गौरव (29) निवासी गांव एवं डाकघर चलवाड़ा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा को भी गिरफ्तार किया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि यही व्यक्ति उक्त दोनों आरोपियों का मार्गदर्शन और समन्वय का कार्य करता था।
गहन जांच के बाद मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस
गहन जांच व तकनीकी विश्लेषण से प्राप्त अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कुल्लू जिला का एक मुख्य सप्लायर सक्रिय है, जो उपरोक्त भारी मात्रा में चरस उपलब्ध करवाता था।
चिट्टे का मुख्य सप्लायर पंजाब फिरोजपुर से गिरफ्तार
पुलिस थाना कागंड़ा की टीम ने 19.17 ग्राम चिट्टे के मामले में मुख्य आरोपित को पंजाब फिरोजपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में पहले दो युवकों को गिरफ्तार किया था, जिनसे गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और पंजाब में दबिश देकर आरोपित को वीरवार को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि 03 सितंबर 2025 को पुलिस थाना कांगड़ा की विशेष टीम ने दुर्गा माता मंदिर, पुराना कांगड़ा के समीप दबिश देकर दो युवकों नितिन राणा निवासी द्रमनाला, डाकघर धुलारा, तहसील सिहुंता, जिला चंबा तथा साहिल कुमार निवासी अंसोली, डाकघर मटौर, तहसील एवं जिला कांगड़ा को 19.17 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) सहित पकड़ने में सफलता हासिल की थी। जांच के दौरान टीम ने पुख्ता साक्ष्यों व तकनीकी विश्लेषण से पाया कि दोनों आरोपितों ने पंजाब के फिरोजपुर क्षेत्र से संबंध रखने वाले एक व्यक्ति से यह चिट्टा खरीदा था।
विशेष गुप्त टीम ने की कार्रवाई
इसके बाद तुरंत मुख्य सप्लायर को पकड़ने के लिए एक विशेष गुप्त टीम का गठन करके बाहरी राज्य भेजा गया तथा लगातार कई दिनों तक संदिग्ध व्यक्ति का पीछा करते हुए आरोपित नितीन कुमार निवासी हाउस नं० 25/26, फिरोजपुर कैंट को नौ अक्टूबर 2025 को फिरोजपुर से गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में सीबीआइ अधिकारियों पर लगे प्रताड़ना के आरोप, पूर्व पंचायत प्रधान की शिकायत के बाद जांच शुरू
तुरंत पुलिस को दें तस्करी की सूचना : एसपी
वहीं, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि कांगड़ा पुलिस निरंतर नशा माफिया के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है। पुलिस प्राथमिकता नशे की जड़ों तक पहुंचकर उसके स्रोतों को समाप्त करना है। आमजन से अपील है कि नशे के सौदागरों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।