खुशी के माहौल में छा गई मायूसी... शादी में दुल्हन के भाई ने की हर्ष फायरिंग, चाचा के कंधे में लगे छर्रे
हिमाचल के कांगड़ा में एक शादी में खुशी का माहौल चंद पलों में ही मायूसी में बदल गया। यहां शादी के कार्यक्रम में जब मिलनी की रस्म चल रही थी तब दुल्हन के भाई ने हर्ष फायरिंग कर दी। इस दौरान दुल्हन का चाचा वहीं खड़ा था और उसके कंधे में छर्रे लगे। वह बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देहरा/कांगड़ा, संवाद सहयोगी। पड़ोसी राज्य पंजाब से निकल कर हर्ष फायरिंग (Firing) का चलन हिमाचल में भी आ गया है। देहरा उपमंडल के तहत परागपुर के साथ लगते गांव बलियाणा में शादी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में लड़की का चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शादी में मिलनी की रस्म के दौरान लड़की का छोटे भाई खुशी में फायर कर रहा था। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। बलियाणा निवासी रमेश कुमार की बेटी की शादी थी। घर पर हो रही शादी में बरात कलोहा से आई थी। घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित सराय के पास मिलनी का कार्यक्रम चल रहा था।
लाइसेंसी रिवॉल्वर से की हर्ष फायरिंग
इसी बीच लड़की के 18 साल के भाई ने अपने पिता की लाइसेंसी सिंगल बैरल (एक नाली) बंदूक लाकर फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि वह तार के करेट से तैयार डंगे पर खड़ा था। दूसरा राउंड फायर करने के लिए उसने कारतूस भरा, इसी बीच उसका पांव तार में फंस गया। जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान ट्रिगर दब गया और बंदूक से निकले छर्रे पास खड़े रमेश के चचेरे भाई सुरेश कुमार के कंधे में जा लगे।
गंभीर हालत में पहुंचाया गया अस्पताल
उसे गंभीर हालत में देहरा स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर कर दिया। टांडा में इलाज से जुड़े जरूरी उपकरण न होने की वजह से उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अब सुरेश की हालत खतरे से बाहर है। देहरा के डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने लड़की के भाई और पिता के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने कब्जे में ली बंदूक
आरोपित की बंदूक भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। मामले की जांच जारी है। वहीं शादी समारोह के दौरान हुए इस मामले के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। जहां एक ओर खुशी का माहौल बना हुआ था वहां पर गोली चलने से खुशी मायूसी में बदल गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि गोली सीधे कहीं पर घायल व्यक्ति के शरीर में नहीं लगी नहीं तो मामला गंभीर हो सकता था। खैर हादसे के बाद घायल व्यक्ति को इलाज के लिए ले जाने के बाद शादी समारोह की रस्में पूरी हुई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।