कुलदीप पठानिया का जयराम ठाकुर पर पलटवार, कहा- अपनी पार्टी संभालें, पंचायत चुनाव की चिंता न करें
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पंचायत चुनाव की चिंता छोड़कर अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। भाजपा कई गुटों में बंटी हुई है और उनमें मुख्यमंत्री पद के लिए होड़ मची है। उन्होंने जयराम ठाकुर से हिमाचल प्रदेश आपदा के लिए घोषित धन जारी करवाने का आग्रह किया।

संवाद सहयोगी, ज्वालामुखी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि पंचायत चुनाव की नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को बहुत चिंता सता रही है। उन्हें पंचायत चुनाव की बजाय अपनी पार्टी की ज्यादा चिंता करनी चाहिए। भाजपा कई गुटों में बंटी हुई नजर आ रही है। वह ज्वालामुखी में पत्रकारों से अनौपचारिक भेंट वार्ता में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर जोर आजमाइश का खेल चला हुआ है। जिस पर कांग्रेस की पूरी नजर है। प्रदेश की जनता भी इसका खूब मजा ले रही है। समय अनुसार पंचायत के चुनाव भी होंगे, नगर निकाय के भी होंगे और नगर निगम के भी होंगे।
जयराम ठाकुर आए दिन हास्यास्पद बयानबाजी करके जग हंसाई करवा रहे हैं। यदि वह हिमाचल प्रदेश के सच्चे हितैषी हैं तो सभी सांसदों, केंद्रीय मंत्री के साथ मिलकर हिमाचल प्रदेश आपदा के लिए घोषित किया गया पैसा शीघ्र जारी करवाएं, ताकि जरूरतमंद लोगों को दिया जा सके।
अब 2027 के चुनाव के लिए तैयारी करें। प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और शीघ्र ही इनकी मदद की जाएगी। सरकार हर वर्ग हर क्षेत्र के लिए काम कर रही है। अनाथ बच्चों, जरूरतमंद लोगों व बुजुर्गों के लिए काम कर रही है। कर्मचारियों के हित में फैसला ले रही है। युवाओं को रोजगार के अवसर दे रही है किसान बागवानों के हित में फैसले लिए जा रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।