हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू होने से बढ़ी ठंड; क्या कहता है मौसम का ताजा अनुमान?
हिमाचल प्रदेश में मौसम बदल गया है। पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू होने से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बर्फबारी की संभावना जताई है, जिससे तापमान और गिर सकता है। पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिमाचल में मौसम ने करवट बदल ली है, पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। जागरण आर्काइव
जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। पर्यटन नगरी मनाली सहित लाहुल-स्पीति की चोटियों में हिमपात का क्रम शुरू हो गया है। हिमाचल प्रदेश में कल पांच नवंबर को वर्षा और हिमपात की संभावना जताई गई है।
एक महीने बाद मौसम ने करवट बदली है। गत चार अक्टूबर को चोटियों में हिमपात का क्रम शुरू हुआ था। इस महीने भी चार तारीख को मौसम सुहावना हुआ है। लाहुल व मनाली घाटी की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है। 
सुबह धूप व शाम को बर्फबारी
मंगलवार सुबह धूप खिली और पर्यटकों ने खिली धूप के बीच रोहतांग दर्रे में दस्तक दी। पर्यटकों ने दर्रे में बर्फ की खेलों का आनंद लिया। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली। शाम के समय ऊंची चोटियों में हिमपात का क्रम शुरू हो गया।
शिंकुला व बारालाचा की पहाड़ियों पर भी हिमपात
दूसरी ओर शिंकुला, बारालाचा कुंजम की चोटियों में भी हिमपात शुरू हो गया है। हालांकि सभी दर्रे यातायात के लिए बहाल है लेकिन मौसम के।तेवरों को देखते हुए अब संभलकर ही सफर करने की जरूरत है।
बर्फ का लुत्फ लेने पर्यटक पहुंच रहे मनाली
पर्यटन कारोबारी दिले राम, रमेश व सूरज ने बताया कि मनाली और लाहुल की ऊंची चोटियों में ताज़ा हिमपात हुआ है, जिससे पर्यटक उत्साहित हैं और पर्यटन सीजन में सुधार की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पर्यटक बर्फ से ढकी वादियों का आनंद लेने मनाली पहुंच रहे हैं।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए खुला है। पर्यटक दर्रे में बर्फ का आनंद ले रहे रहे है। उन्होंने बताया कि बुधवार को दर्रे में पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल सरकार ने कामगार आवास योजना में किया संशोधन, अब मुख्यमंत्री कार्यालय करेगा निगरानी, ये 4 बदलाव हुए 

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।