छोटे वाहनों के लिए बहाल हुआ बरोट-लोहारडी मार्ग, लोगों ने ली राहत की सांस; भूस्खलन के कारण हुआ था बंद
पद्धर के बरोट में भारी भूस्खलन से बरोट-लोहारडी राजमार्ग बाधित हो गया था जिसे अब छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। भूस्खलन में छह देवदार के पेड़ गिरे जिससे एक होटल को नुकसान हुआ। मलबा दूर फेंकने के कारण मार्ग बहाली में देरी हुई। सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल यातायात केवल दिन में ही चलेगा। शनिवार शाम तक बड़े वाहनों के लिए भी मार्ग बहाल करने की योजना है।

संवाद सहयोगी, पद्धर। विख्यात पर्यटन स्थल बरोट में बुधवार रात को हुए भीषण भूस्खलन से अवरुद्ध बरोट-लोहारडी राजमार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया। इस भूस्खलन में पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के साथ छह देवदार के पेड़ जमींदोज हो गए थे। इनमें से दो पेड़ होटल आरके प्लेस की इमारत पर गिरने से होटल को भारी नुकसान पहुंचा।
अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोग और पर्यटक भी खासे परेशान रहे। लोक निर्माण विभाग को राहत कार्य शुरू करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विभाग ने घटनास्थल पर दो जेसीबी मशीनें और दो टिप्पर तैनात किए, लेकिन नजदीक डंपिंग साइट न होने के कारण मलबा लगभग दो किलोमीटर दूर ले जाकर फेंकना पड़ा। इसके चलते मार्ग बहाली कार्य में देरी हुई।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता भगत राम यादव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई। लेकिन सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए फिलहाल यातायात केवल दिन में ही सुचारू रहेगा। रात के समय मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। शनिवार शाम तक मार्ग बड़े वाहनों के लिए भी बहाल करने की योजना है।
क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा कारणों से लगाए गए प्रतिबंधों का पालन करने और रात्रि के समय मार्ग बंद होने पर धैर्य बनाए रखने की हिदायत दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।