'धर्मपुर में सड़कों का बुरा हाल, बंद मार्गों से जनता परेशान...', BJP नेता रजत ठाकुर का सरकार पर तीखा हमला
धर्मपुर क्षेत्र में सड़कों की हालत खस्ता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। भाजपा नेता रजत ठाकुर ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गद्दीधार-संधोल और गवेला-कनूई मार्ग महीनों से बंद हैं, जिससे स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रजत ठाकुर ने चेतावनी दी है कि अगर सड़कें जल्द ठीक नहीं हुईं तो वे प्रदर्शन करेंगे।
-1760029023459.webp)
धर्मपुर क्षेत्र में बंद सड़कों को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश रजत ठाकुर ने सरकार पर आरोप लगाए हैं (फाइल फोटो)
संवाद सहयोगी, संधोल। धर्मपुर क्षेत्र में बंद सड़कों को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं धर्मपुर से रहे प्रत्याशी रजत ठाकुर ने सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कई सड़कें तीन महीनों से बंद हैं, लेकिन सरकार, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
रजत ठाकुर ने बताया कि गद्दीधार से संधोल सड़क पिछले लगभग 100 दिनों से बंद है, जिससे स्थानीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मुख्य सड़क के बंद होने पर स्थानीय विधायक की चुप्पी भी हैरान करने वाली है। उन्होंने बताया कि देवगढ़, चोलगढ़, खजूरटी, कुन, टोरखोला व दयोल के लोगों को स्कूल, कालेज और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं गवेला कनूई मार्ग भी चार माह से बंद है, जहां कनूई के पास सड़क का पूरा हिस्सा बह गया है। विभाग अब तक डंगा लगाने में असफल रहा है। रजत ठाकुर ने कहा कि त्योहारों और शादी के मौसम में सड़कें बंद रहना आम जनता के साथ अन्याय है।
विभागीय अधिकारी केवल कार्यालयों में बैठकर फाइलें घुमा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं दिख रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़कें बहाल नहीं की गईं, तो स्थानीय जनता के साथ मिलकर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।