Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल में चुनाव का सामना करने का साहस नहीं, बिहार में झूठ बोल रहे CM, जयराम ने पटना में की प्रेस कान्फ्रेंस पर घेरे सुक्खू

    By Hansraj Saini Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Thu, 30 Oct 2025 05:40 PM (IST)

    नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर बिहार चुनाव को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश आपदा से जूझ रहा है, पर मुख्यमंत्री को बिहार चुनाव की चिंता है। उन्होंने सुक्खू पर झूठे दावे करने का आरोप लगाया और मातृ शक्ति से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने आपदा राहत में सरकार के प्रयासों को दिखावा बताया।

    Hero Image

    हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। जागरण आर्काइव

    जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश आपदा से जूझ रहा है। मुख्यमंत्री को अपने प्रदेश से ज्यादा बिहार चुनाव की चिंता सता रही है।

    मंडी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में डिजास्टर एक्ट लगाकर पंचायत और नगर निकाय चुनाव टाल दिए हैं, लेकिन खुद बिहार में जाकर चुनावी प्रचार में व्यस्त हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आपदा में सीएम की प्राथमिकता बिहार चुनाव

    उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आपदा की इस घड़ी में बिहार चुनाव प्रदेश के मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है? जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा के बाद जो अस्थायी व्यवस्थाएं की गई थीं, वह अब चरमराने लगी हैं। सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है और प्रभावित लोग असुरक्षा और परेशानियों से घिरे हैं, लेकिन सरकार ने उनकी सुध नहीं ली।

    आपदा प्रभावितों की मदद के नाम पर सिर्फ दिखावा

    उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों की मदद के नाम पर सिर्फ दिखावा कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने अपना तीन महीनों का वेतन आपदा प्रभावितों को देने का निर्णय लिया है ताकि जरूरतमंद परिवारों को कुछ राहत मिल सके। यह निर्णय किसी प्रशंसा के लिए नहीं बल्कि मानवता के नाते लिया गया है। साथ ही उन सभी लोगों का आभार जताया जिन्होंने आपदा के दौरान दिल खोलकर दान दिया। 

    सीएम ने पटना में किया झूठा दावा

    जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर झूठे प्रचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पटना में उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस कर दावा किया कि हिमाचल में 2.87 लाख महिलाओं को 1500 रुपये मासिक पेंशन दी जा चुकी है, जबकि यह पूरी तरह झूठ है। मुख्यमंत्री झूठा प्रचार कर बिहार की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि कांग्रेस पार्टी को वहां राजनीतिक लाभ मिल सके। 

    झूठे दावों से बाज आएं, मातृ शक्ति से माफी मांगें

    जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री में अपने राज्य में चुनाव का सामना करने का साहस नहीं है और वह बिहार जाकर झूठ की दुकान चला रहे हैं। उन्होंने सुक्खू से मांग की कि वह हिमाचल की मातृ शक्ति से माफी मांगें और झूठे दावों से बाज आएं। उन्होंने कहा कि वे अकेले ऐसे नेता हैं जो आपदा के समय न केवल अपने क्षेत्र में बल्कि अन्य प्रभावित इलाकों में भी पहुंचे।

    यह भी पढ़ें: पंचायत चुनाव से पहले हमीरपुर में प्रधान ने छोड़ी कुर्सी, कार्यों में अनियमितता के लगे थे आरोप; बताई इस्तीफे की वजह

    ये रहे उपस्थित

    इस मौके पर भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी, जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, राज्य महिला मोर्चा उपाध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला महामंत्री मांचली ठाकुर और किसान मोर्चा के राज्य पदाधिकारी भागीरथ धरवाल भी उपस्थित रहे।


    यह भी पढ़ें: हिमाचल के HRTC कर्मचारियों को मिलेगा डीए, अन्य विभागों के साथ 6 माह का एरियर भी आएगा खाते में, क्या बोले डिप्टी सीएम?