Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नेरचौक मेडिकल कॉलेज से 41 डॉक्टरों का 'मास ट्रांसफर',  BJP ने CM सुक्खू पर क्यों लगाया मंडी को बर्बाद करने का आरोप?

    Updated: Wed, 12 Nov 2025 07:20 PM (IST)

    भाजपा नेता राकेश जम्वाल ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज से 41 डॉक्टरों के स्थानांतरण की निंदा की है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर मंडी विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार मंडी के संस्थानों को कमजोर कर रही है। जम्वाल ने चेतावनी दी कि भाजपा इस अन्याय के खिलाफ आंदोलन करेगी।

    Hero Image

    मेडिकल कालेज से एकमुश्त 41 डाक्टरों का स्थानांतरण मंडी विरोधी मानसिकता का प्रमाण: राकेश जम्वाल (फाइल फोटो)

     

    जागरण संवाददाता, मंडी। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नेरचौक से एक साथ 41 डाक्टरों के स्थानांतरण पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मंडी विरोधी मानसिकता अब किसी से छिपी नहीं रही। मेडिकल कालेज से एकमुश्त इतने बड़े पैमाने पर डाक्टरों का स्थानांतरण इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस सरकार मंडी के संस्थानों को कमजोर करने की सुनियोजित नीति पर काम कर रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जम्वाल ने कहा कि दो दिन पहले मुख्यमंत्री मंडी में आपदा राहत कार्यक्रम के दौरान घड़ियाली आंसू बहाकर खुद को मंडी का हितैषी बता रहे थे, लेकिन शिमला लौटते ही उनका असली चेहरा सामने आ गया।

    सरकार के तीन साल पूरे होने के बावजूद मंडी को केवल उपेक्षा और भेदभाव ही मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सरदार पटेल विश्वविद्यालय को पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी को शैक्षणिक पहचान देने के उद्देश्य से स्थापित किया था, उसे कांग्रेस सरकार ने लगभग निष्क्रिय कर दिया है।

    100 से अधिक कालेजों को शिमला विश्वविद्यालय से जोड़ दिया गया है, जिससे मंडी की शैक्षणिक पहचान मिटती जा रही है। मंडी की 10 में से 9 विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा होना ही मुख्यमंत्री सुक्खू को खटक रहा है।

    इसी राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से मंडी को नए संस्थान देने के बजाय मौजूदा संस्थानों को कमजोर किया जा रहा है। अब मेडिकल कालेज के डाक्टरों का स्थानांतरण कर सरकार मंडी की जनता से स्वास्थ्य सुविधाएं भी छीनना चाहती है।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद मंडी की जनता से यह वादा किया था कि किसी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं होगा, लेकिन आज के निर्णय ने उनके वादों की पोल खोल दी है। कांग्रेस सरकार लगातार मंडी के विकास कार्यों पर ताले जड़ रही है, शैक्षणिक संस्थानों को कमजोर कर रही है।

    अब स्वास्थ्य सेवाओं को भी प्रभावित करने की दिशा में बढ़ रही है। राकेश जम्वाल ने चेतावनी दी कि भारतीय जनता पार्टी इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी मंडी की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि मंडी की जनता अब मुख्यमंत्री के झूठे आंसुओं और खोखले वादों में नहीं आने वाली है।