Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Himachal News: पद्धर पुलिस का भांग की खेती पर बड़ा प्रहार, 12,000 पौधे किए नष्ट

    Updated: Fri, 22 Aug 2025 04:15 PM (IST)

    पद्धर पुलिस और एएनटीएफ कुल्लू ने संयुक्त अभियान में झटिंगरी-फियूलगलू क्षेत्र में 15 बिस्वा भूमि पर फैली भांग की अवैध खेती को नष्ट किया। पुलिस ने 12000 भांग के पौधे बरामद किए और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। डीएसपी पद्धर ने नशे के खिलाफ अभियान जारी रखने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही।

    Hero Image
    पद्धर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भांग के 12,000 पौधे नष्ट

    सहयोगी जागरण, पद्धर। पद्धर पुलिस ने एएनटीएफ कुल्लू की टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर भांग की खेती पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने झटिंगरी–फियूलगलू क्षेत्र के मरखाण (जिल्हण वार्ड) में करीब 15 बिस्वा भूमि पर फैली अवैध खेती को नष्ट किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्य आरक्षी विकास ठाकुर, आरक्षी बवन, आरक्षी विनोद व उपनिरीक्षक संजीव कुमार की अगुआई में टीम नियमित गश्त के दौरान मरखाण क्षेत्र पहुंची। वहां पगडंडी मार्ग से ऊपर व नीचे बने पांच सीढ़ीनुमा खेतों में भांग की अवैध खेती पाई गई।

    मौके पर गवाहों की मौजूदगी में पौधों की गिनती की गई। गिनती में पहले खेत से 1600 पौधे, दूसरे से 2800, तीसरे से 3200, चौथे से 2400 व पांचवें खेत से 2000 पौधे बरामद हुए। कुल मिलाकर करीब 12,000 भांग के पौधे मौके पर पाए गए, जिन्हें पुलिस ने नष्ट कर दिया। पुलिस ने बताया कि यह अवैध खेती किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई है।

    इस संबंध में थाना पद्धर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की तफ्तीश एएसआई पंकज कटोच, प्रभारी पुलिस चौकी टिक्कन द्वारा की जा रही है।

    पुष्टि डीएसपी पद्धर देवराज ने की। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार व खेती के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।