हिमाचल के बागवानों के लिए खुशखबरी! अडानी ग्रुप खरीदेगा सेब; 85 रुपये प्रति किलो दे रहा कीमत
अदाणी एग्रोफ्रेश ने शिमला जिले में सेब की खरीद के लिए दरें घोषित कर दी हैं। इस बार कंपनी गुणवत्ता वाले सेब को 85 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदेगी। विभिन्न ग्रेड और रंग के आधार पर कीमतें निर्धारित की गई हैं। 24 अगस्त से खरीद शुरू हो जाएगी जिसके लिए खरीद केंद्र खोले जा चुके हैं।

जागरण संवाददाता, शिमला। अदाणी एग्रोफ्रेश ने शिमला जिले में सेब की खरीद के लिए दाम खोल दिए है। इस बार अदाणी एग्रोफ्रेश 85 रुपये प्रति किलो की दर पर गुणवत्ता युक्त सेब की खरीद करेगा। कंपनी द्वारा जारी सूची के अनुसार विभिन्न ग्रेड और रंग के आधार पर कीमतें तय की गई हैं।
80 से 100 प्रतिशत रंग प्रीमियम सेब की खरीद अलग-अलग आकार के मुताबिक की जाएगी। 24 अगस्त से खरीद प्रक्रिया आरंभ होगी। इसके लिए खरीद केंद्र खोल दिए हैं। प्रीमियम गुणवत्ता वाली श्रेणी में एक्स्ट्रा लार्ज आकार का सेब 45 रुपये में खरीदा जाएगा। वहीं मीडियम और स्माल आकार का सेब 85 रुपये प्रति किलो खरीदा जाएगा।
एक्स्ट्रा स्माल आकार का सेब 75 और एक्स्ट्रा स्माल से नीचे के आकार का सेब 65 रुपये में खरीदा जाएगा। पितु सेब 45 रुपये में खरीदा जाएगा। वहीं 60 से 80 प्रतिशत रंग वाला सुप्रीम श्रेणी का सेब अलग-अलग आकार के हिसाब से खरीदा जाएगा। इनमें एक्स्ट्रा लार्ज आकार का सेब 35 रुपये में खरीदा जाएगा। वहीं मीडियम और स्माल आकार का सेब 65 रुपये में खरीदा जाएगा।
एक्स्ट्रा स्माल आकार का सेब 55 और एक्स्ट्रा स्माल से नीचे के आकार का सेब 45 रुपये में खरीदा जाएगा। पितु सेब 35 रुपये में खरीदा जाएगा। इसके अलावा 60 प्रतिशत से कम रंग के सभी साइज और रंग, एक्स्ट्रा स्माल को छोड़कर 24 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदा जाएगा। कंपनी के अनुसार सेब खरीद प्रक्रिया निर्धारित स्थलों पर तय तारीख से शुरू हो जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।