हिमाचल पूर्व DGP आई.डी भंडारी की मौत पर शोक की लहर, मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने जताया दुख
हिमाचल प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक आई.डी. भंडारी का शिमला में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार बिलासपुर में किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। भंडारी ने राज्य पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर कर्तव्यनिष्ठा से सेवाएं दीं। वे 1982 बैच के आईपीएस अधिकारी थे।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक रहे आईडी भंडारी का मंगलवार को 3 बजकर 30 मिनट पर आईजीएमसी शिमला में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 11 अप्रैल 1954 को जन्मे आइडी भंडारी का अंतिम संस्कार उनके पैत्रिक गांव बिलासपुर में बुधवार को होगा।
आइडी भंडारी के निधन की सूचना हिमाचल प्रदेश् विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन के समापन के दौरान दी और उनके निधन पर शोक प्रकट किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और अन्य मंत्रियों ने शोक प्रकट किया है।
उन्होंने कहा कि आइडी भंडारी ने राज्य पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर रहते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी लगन और निष्ठा से किया।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
बिलासपुर के रहने वाले थे पूर्व DGP
1982 बैच के आइपीएस सेवानिवृत पुलिस महानिदेशक आइडी भंडारी मूल रूप से बिलासपुर के रहने वाले थे और शिमला के कसुम्पटी में रहते थे। वर्ष 2011 में हिमाचल पुलिस के महानिदेशक बने और 2012 में कांग्रेस सरकार बनने पर वीरभद्र सिंह ने उन्हें डीजीपी पद से हटा दिया था। वह 2014 में सेवानिवृत हुए। वह 2008 में एडीजीपी विजिलेंस रहे। उन्होंने डीजीपी सीआइडी के पद पर भी सेवाएं प्रदान की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।