Himachal Weather: हिमाचल में आज भारी वर्षा का अलर्ट, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
शिमला में रविवार को रिमझिम वर्षा जारी रही। दोपहर बाद तेज वर्षा से लोगों और पर्यटकों को परेशानी हुई। धुंध के कारण दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को दिक्कत हुई पुलिस ने सावधानी बरतने की सलाह दी। सोमवार के लिए मौसम विभाग ने भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है जिसके चलते प्रशासन ने एहतियात बरतने को कहा है।

जागरण संवाददाता, शिमला। शिमला में रविवार को भी रिमझिम वर्षा जारी रही। सुबह से ही शिमला शहर सहित अन्य क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा हो रही थी। शिमला में दोपहर बाद अचानक तेज वर्षा शुरू हो गई।
काफी देर तक तेज वर्षा का दौर चलता रहा और शाम के समय मौसम साफ हो गया। तेज वर्षा के कारण लोगों एवं सैलानियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। राजधानी में वर्षा के साथ धुंध भी जारी है।
घनी धुंध के कारण शिमला में दृश्यता काफी कम होने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शिमला पुलिस एवं प्रशासन ने लोगों को वाहन चलाते समय सावधान रहने की सलाह दी है।
वहीं, दूसरी ओर सड़क किनारे वाहन पार्क न करने की भी सलाह लोगों को दी गई है। शिमला जिले में सोमवार को भी मौसम विभाग ने भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।
ऐसे में जिले के कई स्थानों में तेज वर्षा हो सकती है। ऐसे में प्रशासन व पुलिस ने लोगों को विशेष एहतियात बरतने को कहा है।
बता दें कि मंडी जिले की सनवाड़ पंचायत में बादल फटने व कुल्लू जिले में भारी वर्षा से काफी नुकसान हुआ है। चौहार घाटी की सनवाड़ पंचायत के आरंग नाला में बादल फटने से 10 फुटब्रिज, तीन दुकानें, दो मकान व दो पशुशालाएं बह गईं। नाला अपने साथ दो कारों व एक बाइक को भी बहा ले गया। बथेरी पंचायत में 10 फुटब्रिज और छह घराट बह गए।
स्नोर घाटी में शनिवार रात पनारसा के शाढ़ला के पास और नगवाईं के मोरीनाला व अशुनाला में आई बाढ़ से तीन मकान व छह वाहन मलबे में दब गए। यहां मलबे में फंसे दो लोगों को स्थानीय लोगों ने बचाया। अशुनाला का पानी व मलबा टकोली सब्जी मंडी की दुकानों को चपेट में लेता हुआ साथ लगते घरों में घुस गया। फोरलेन के कार्य के दौरान सड़क किनारे डंप किया मलबा वर्षा से नाले में मिलकर तबाही मचा गया।
मंडी जिले के शिक्षण संस्थानों में 18 अगस्त को छुट्टी कर दी गई है। कई जगह हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की 32 बसें फंसी हैं। कुल्लू जिले में मौहल खड्ड में भारी वर्षा से तीन वाहन मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गए। पाहनाला व दोहरानाला में आई बाढ़ में शराब की एक दुकान, एक पुलिया, तीन खोखे बह गए तथा बुराग्रां में भी पुलिया बाढ़ में बह गई।
पिरडी में तीन वाहन बह गए। खोखन नाले में आई बाढ़ से नौ वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। मणिकर्ण घाटी की रशोल और छयाल पंचायत में तीन घराट व दो पुलिया बह गई। नौरी फाटी कशावरी में भारी वर्षा से मकान गिरने से तीन लोग घायल हुए हैं।
संस्थानों में आज छुट्टी
मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर 1000 से अधिक मालवाहक वाहन फंसे प्रदेश में भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण तीन राष्ट्रीय (एनएच) सहित 355 सड़कें बाधित हैं। मंडी में एनएच-21, किन्नौर में एनएच-05, कुल्लू में एनएच-305 बाधित हैं।
मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर 1000 से अधिक मालवाहक वाहन फंसे हुए हैं। सड़कें बाधित होने से सेब को मंडियों तक पहुंचाने में भी मुश्किल आ रही है। प्रदेश में 1067 ट्रांसफार्मर खराब हैं।
बीते 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक वर्षा धौलाकुआं में 177, कांगड़ा में 110, नगरोटा सूरियां में 107, नाहन में 133, पांवटा साहिब में 69 मिलीमीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 18 अगस्त को कांगड़ा और सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है।
पौंग बांध से छोड़े पानी से मंड क्षेत्र में मकान बहे
पौंग बांध से ब्यास नदी में छोड़े जा रहे पानी के कारण फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के मंड बहादपुर में दो मकान बह गए और एक के बहने का खतरा है।
हालांकि क्षेत्र में प्रशासन ने ज्यादातर घरों को खाली करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। पौंग बांध का जलस्तर खतरे से मात्र नौ फीट दूर रह गया है। रोजाना जलस्तर एक से दो फीट बढ़ रहा है। रविवार को जलस्तर 1381.11 फीट रिकॉर्ड किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।