Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    हिमाचल में जमकर बरस रही बर्फ, चंबा-कुल्लू और किन्नौर सहित कई जिलों में स्नोफॉल, पांच दिन कैसा रहेगा मौसम?

    Updated: Thu, 23 Oct 2025 11:04 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू, किन्नौर और कांगड़ा जिलों की चोटियों पर बर्फबारी हुई, जबकि मनाली में बारिश हुई। रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रों में भारी हिमपात हुआ, जिससे तापमान में गिरावट आई है। पांगी और भरमौर की चोटियों पर भी बर्फ गिरी। मौसम विभाग ने 23 से 28 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।

    Hero Image

    हिमाचल में बर्फबारी: चंबा, कुल्लू, किन्नौर में हिमपात से मौसम बदला (जागरण फोटो)

    राज्य ब्यूरो, शिमला। चंबा, कुल्लू, किन्नौर और कांगड़ा जिले की चोटियों पर बुधवार को जहां हिमपात हुआ, वहीं मनाली में वर्षा हुई। रोहतांग में छह व शिंकुला, बारालाचा और कुंजम दर्रे में 10 इंच तक हिमपात हुआ।

    तापमान लुढ़कने से मनाली-लेह मार्ग पर पानी जमना शुरू हो गया है। वहीं पांगी के साथ भरमौर की चोटियों पर हिमपात हुआ। मणिमहेश, कैलाश पर्वत शृंखला और अन्य प्रमुख चोटियों पर हिमपात हुआ।

    पांगी के हुडान व सुराल भटोरी सहित साथ लगते क्षेत्रों में तीन इंच तक हिमपात हुआ है। सच्चे जोत में एक फीट हिमपात होने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। चंबा शहर समेत निचले क्षेत्रों में बुधवार दोपहर से वर्षा शुरू हो गई जो शाम तक जारी रही।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रोहतांग और सोलंगनाला में पर्यटकों ने पहुंचकर बर्फ के बीच मस्ती की। लाहुल स्पीति में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। शिमला, मंडी, बिलासपुर, ऊना और हमीरपुर में दिन के समय धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने लगे।

    मौसम विभाग ने 23 से 28 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। लाहुल-स्पीति का ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान -0.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। केलंग में 1.8, कुकुमसेरी में 0.4, किन्नौर के कल्पा में 4.9, शिमला में 12.6, मनाली में 7.4 और सोलन में 12.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।