Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Himachal Election 2022: राजीव शुक्ल बोले- सरकार बनने पर निगम भंडारी व यदोपति ठाकुर को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

    By Jagran NewsEdited By: Virender Kumar
    Updated: Tue, 01 Nov 2022 05:12 PM (IST)

    Himachal Pradesh Assembly Election 2022 हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ल डैमेज कंट्रोल में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी।

    Hero Image
    Himachal Election 2022: राजीव शुक्ल बोले- सरकार बनने पर निगम भंडारी व यदोपति ठाकुर को बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। जागरण आर्काइव

    शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ल ने कहा कि सरकार बनने के बाद युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। टिकट न मिलने से नाराज चल रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रचार से दूरी बनाए हुए थे। राजीव शुक्ल खुद डैमेज कंट्रोल में जुटे हुए थे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से बात की व उनकी नाराजगी दूर की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एक साथ मंच पर बिठाए पदाधिकारी

    प्रेस कान्फ्रेस में सभी पदाधिकारियों को एक मंच पर बिठाया। संबोधित करते हुए राजीव शुक्ल ने कहा कि विधानसभा चुनावों में युवा कांग्रेस की अहम भूमिका है। युवा कांग्रेस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस संगठन ने पार्टी की मजबूती के लिए पूरी ताकत के साथ काम किया है और इसी का नतीजा है कि हर बूथ पर युवा कांग्रेस के पांच-पांच साथी हैं। युवा कांग्रेस ने इंटरनेट मीडिया पर भी अच्छा कार्य किया है। युवा कांग्रेस को लेकर कुछ भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं और ये सब गलत हैं। युवा कांग्रेस एकजुट है और पूरी ताकत के साथ फील्ड में डटी है।

    युवा साथियों को एडजस्ट किया जाएगा

    एक सवाल के जवाब में राजीव शुक्ल ने कहा कि टिकट वितरण के कई पैमाने होते हैं और कोई भी युवा साथी को टिकट न मिलने से नाराज नहीं है। सरकार में कई तरह के पद होते हैं और कांग्रेस के सत्ता में आने पर युवा साथियों को इसमें 'एडजस्ट' किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को टिकट दिए हैं, केवल बात इतनी है कि मौजूदा कार्यकारिणी को टिकट नहीं मिला है। इस मौके पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी नरेश चौहान, युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अमरप्रीत लाली, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर, प्रदेश महासचिव सुरजीत सिंह भरमौरी समेत कई युवा नेता मौजूद थे।

    टिकट न मिलने से कोई नाराजगी नहीं – निगम भंडारी

    प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि टिकट न मिलने से न वह और न ही युवा कांग्रेस का अन्य कोई नेता नाराज है। युवा कांग्रेस का कोई भी नेता निर्दलीय चुनाव में नहीं उतरा है और इससे पता चलता है कि वे पार्टी के साथ हैं।

    यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: भाजपा सरकार में बढ़ा भुखमरी का ग्राफ, 47 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी : सचिन पायलट

    यह भी पढ़ें : Himachal Pradesh Election 2022: हिमाचल भाजपा उपाध्‍यक्ष राम सिंह पार्टी से छह साल के लिए निष्‍कासित