Himachal News: हायर ग्रेड पे पर विरोध जताने 4 धड़ों में पहुंचे कर्मचारी, मुख्यमंत्री से मुलाकात में दिखी धड़ेबाजी
Himachal Pradesh Govt Employees हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों का संघ ग्रेड पे को लेकर विभाजित हो गया है। वित्त सचिव की अधिसूचना के बाद कर्मचारी असंतुष्ट हैं और मुख्यमंत्री से मिलकर इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारी संघ के कई गुटों ने अलग-अलग मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

राज्य ब्यूरो, शिमला। Himachal Pradesh Govt Employees, हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों में छह सितंबर को वित्त सचिव द्वारा जारी अधिसूचना के बाद से असंतोष बढ़ गया है। प्रदेशभर से कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सोमवार को शिमला पहुंचे।
राज्य सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन को छोड़कर अन्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के सदस्य चार धड़ों में बंटे हुए नजर आए। प्रदीप गुट, त्रिलोक गुट व संयुक्त कर्मचारी महासंघ ने अलग-अलग सीएम से मुलाकात की, जबकि चौथा विनोद गुट नहीं पहुंचा।
सभी ने अलग-अलग गुटों में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और अधिसूचना को वापस लेने की मांग की। सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सुबह ओक ओवर में मुलाकात की। उन्होंने इस अधिसूचना के कारण कर्मचारियों को होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी।
सचिवालय परिसर में विरोध प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें अन्य विभागों के कर्मचारी भी शामिल हुए। संजीव शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि अधिसूचना वापस नहीं ली गई, तो निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस अधिसूचना को वापस लेने का आश्वासन दिया।
कर्मचारी मुख्यमंत्री पीटरहाफ कार्यक्रम में पहुंचे और उनकी मुलाकात का इंतजार करते रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तो वे पेन डाउन स्ट्राइक पर जाएंगे। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद वहां जिंदाबाद के नारे लगे।
दोपहर बाद, सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष संजीव शर्मा और अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर सहित अन्य कर्मचारी नेताओं ने सचिव वित्त से मुलाकात की और अधिसूचना को वापस लेने की मांग उठाई। प्रदीप ठाकुर गुट ने भी अलग से सचिव वित्त से मुलाकात की।
सीएम ने दिया आश्वासन, अधिसूचना का इंतजार: प्रदीप
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (प्रदीप गुट) के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने बताया कि वित्त विभाग की यह अधिसूचना गलत है। पीटरहाफ में मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इसे वापस लिया जाएगा। महासंघ इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त करता है।यदि हायर ग्रेड-पे कम करने की अधिसूचना वापस नहीं ली गई, तो इसके खिलाफ सड़कों पर उतर कर संघर्ष किया जाएगा।
अफसरशाही कर रही खाई पैदा करने की कोशिश: त्रिलोक
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (त्रिलोक गुट) के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने कहा कि अफसरशाही ने सीएम के समक्ष गलत तथ्य पेश किए। अफसरशाही ने कर्मचारियों और सरकार के बीच खाई पैदा करने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री के समक्ष सारे तथ्य रखे गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस अधिसूचना को निरस्त किया जाएगा। इसके लिए महासंघ मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता है।
यह भी पढ़ें- Himachal News: सीएम सुक्खू ने की बड़ी घोषणा, हायर ग्रेड-पे के निर्णय में संशोधन करेगी सरकार; ...तो नहीं कटेगी सैलरी
संयुक्त कर्मचारी महासंघ ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
संयुक्त कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान व महासचिव हीरालाल वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर इस अधिसूचना को वापिस लेने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि इसे वापस लिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।