Kangra Landslide: कांगड़ा में भूस्खलन की चपेट में आने से चार लोग घायल, 493 सड़कें अभी भी बंद
कांगड़ा के ज्वाली में भूस्खलन से चार लोग घायल हो गए। राज्य में भारी बारिश से सड़कें बंद हैं और बिजली आपूर्ति बाधित है। मौसम विभाग ने कांगड़ा मंडी और सिरमौर में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में बारिश से 4504 करोड़ का नुकसान हुआ है और 229 लोगों की मौत हुई है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। कांगड़ा जिला के ज्वाली में भूस्खलन की चपेट में आने से चार लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल ज्वाली में भर्ती करवाया है।
प्रदेश में रविवार देर रात से सोमवार को भी कई स्थानों पर भारी वर्षा हुई। प्रदेश में वर्षा और भूस्खलन के कारण प्रदेश में 3 राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 493 सड़कें बंद हैं जिन्हें खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
कांगड़ा जिला में गगल एयरपोर्ट के पास बनोई में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा गिरने से लोग सोमवार सुबह भी जाम में फंसे रहे। प्रदेश में 352 ट्रांसफार्मर खराब हैं जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित है।
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के तीन जिलों कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जबकि कुछ स्थानों पर आंधी और आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आई है। आने वाले दिनों में मानसून के कुछ कमजोर पड़ने का अनुमान है।
बरसात के दौरान अभी तक 4504 करोड़ का नुकसान
प्रदेश में 20 जून से लेकर अभी तक 4504 करोड़ के नुकसान का आकलन किया जा चुका है। अभी तक 229 लोगों की बादल फटने, भूस्खलन व अन्य कारणों से मौत हो चुकी है।
भूस्खलन के कारण 48, अचानक बाढ़ के कारण 11, बादल फटने के कारण 17 लोगों की मौत मंडी में हुई है। प्रदेश में 1478 मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। जबकि 6298 मकानों 490 दुकानों और 6147 गौशालाओं को नुकसान हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।