Himachal Apple Price: त्योहारी सीजन में शिमला सेब की मांग बढ़ी, अब इतना है रेट
त्योहारी सीजन के चलते शिमला के सेब की मांग बढ़ गई है जिससे दामों में स्थिरता आई है। भट्टाकुफर मंडी में रॉयल सेब 2500 रुपये तक बिका। कश्मीरी सेब की आवक से शिमला के सेब पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। नवरात्रों के लिए मांग बढ़ने से दाम स्थिर रहने के आसार हैं जिससे बागवानों को फायदा होगा। आवक बढ़कर 40 हजार पेटियां प्रतिदिन हो गई है।

जागरण संवाददाता, शिमला। शिमला के सेब पर त्योहारी सीजन का रंग चढ़ गया है। त्योहारी सीजन के कारण शिमला के सेब की बाजार में खूब डिमांड है। इसके कारण सेब के दामों में अब स्थिरता आ गई है। ढली की भट्टाकुफर फल मंडी में बुधवार को रायल किस्म का सेब 2300 से 2500 रुपए तक बिका।
वहीं रेड गोल्ड किस्म को 800 से 1200 रुपए तक का दाम मिल रहा है। वहीं कश्मीर में सड़कें बंद होने से मंडियों में कश्मीरी सेब की आवक बंद हो गई थी, लेकिन अब ट्रैन के माध्यम से मंडियों में कश्मीर का सेब पहुंच रहा है। कश्मीरी सेब के मंडियों में पहुंचने से शिमला के सेब पर खास असर नहीं पड़ा है।
आढ़तियों का कहना है कि कश्मीरी सेब फिर से मंडियों में पहुंच गया है, लेकिन इसका उतना ज्यादा असर शिमला के सेब पर नहीं दिख रहा है। भट्टाकुफर फल मंडी के आढ़ती निशांत ने बताया कि अगले सप्ताह से नवरात्रे शुरू होने जा रहे है।
नवरात्रों के लिए बाजार में फलों की डिमांड काफी ज्यादा रहती है। ऐसे में बाहरी राज्यों से आए खरीददार नवरात्रों के लिए माल लोड कर रहे है। इसके कारण बाजार में अभी सेब के दाम स्थिर रहने के आसार है। सेब के दाम स्थिर रहने से बागवानों को फायदा मिलने के आसार है।
उन्होंने बताया कि जिला में सेब सीजन भी 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है। ऐसे में अब सिर्फ ऊंचाई वाले क्षेत्रों से ही मंडियों में सेब आ रहा है। हालांकि सड़कें खुलने के बाद आवक भी भी बढ़ोत्तरी हुई है, लेकिन त्योहारी सीजन और अच्छी गुणवत्ता होने के कारण सेब बागवानों को अब अच्छे दाम मिल रहे है।
40 हजार पहुंची आवक
वर्षा के बाद स्थिति सामान्य हो जाने के बाद अब सेब मंडियों में आवक फिर से बढ़ गई है। एक समय में जहां मंडियों में आवक काफी कम हो गई थी, तो वहीं अब 40 हजार के करीब पेटियां रोजाना फल मंडियों में पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि आवक बढ़ने के साथ साथ अब सेब की गुणवत्ता भी अच्छी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों से अच्छी गुणवत्ता वाला सेब मंडियों में पहुंच रहा है। इससे भी सेब के दामों में उछाल आया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।