शिमला में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि, फ्लॉवरिंग के दौर में किसानों-बागवानों की बढ़ी मुश्किल
शिमला में लगातार दूसरे दिन बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और तापमान गिरा। ओलावृष्टि से सेब सहित अन्य फसलों की फ्लावरिंग को नुकसान प ...और पढ़ें

शिमला में शनिवार को हुई भारी ओलावृष्टि व बारिश के बीच छाता लेकर गुजरती महिलाएं।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लगातार दूसरे दिन भी वर्षा का दौर भी जारी रहा। शिमला सहित आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दिन कई स्थानों पर तेज वर्षा शुरू हो गई। शिमला शहर में जहां लगातार दोपहर तक वर्षा होती रही, वहीं ठियोग और टुटू क्षेत्र में ओलावृष्टि दर्ज की गई।
मौसम के इस बदलाव से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड एक बार फिर लौटती नजर आई।
किसान व बागवान परेशान
ओलावृष्टि का सबसे अधिक असर किसानों और बागवानों पर पड़ा है। इस समय सेब सहित अन्य फसलों में फ्लावरिंग का दौर चल रहा है। ऐसे में ओलों के गिरने से फूल झड़ने का खतरा बढ़ गया है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
...तो हो सकता है भारी नुकसान
बागवानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह खराब बना रहता है तो फसल को भारी नुकसान हो सकता है। कई स्थानों पर सब्जियों और अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।
सब्जियों को भी नुकसान
ऊपरी शिमला में ओलावृष्टि मटर, फूलगोभी एवं फ्रासबीन जैसी फसलों के लिए भी खतरा बन गई है। हालांकि अभी तक ओलावृष्टि से ज्यादा नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन खराब मौसम ने किसानों एवं बागवानों की चिंता बढ़ा दी है।
किसानों बागवानों को डर सता रहा है कि ओलावृष्टि कहीं उनकी साल भर की मेहनत पर पानी न फेर दे।
ठंड बढ़ी
ठंडी हवाएं चलने से लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े। पर्यटकों को भी मौसम के इस बदले मिजाज का सामना करना पड़ा, हालांकि कुछ सैलानी इस ठंडे और सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए।
9 तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने शिमला जिला में आगामी 9 अप्रैल तक मौसम के खराब रहने का अनुमान लगाया है। रविवार और सोमवार को जहां वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है, तो वहीं 7 और 8 अप्रैल को भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 9 अप्रैल को फिर से यलो अलर्ट है। हालांकि 10 अप्रैल से शिमला में मौसम के साफ रहने का अनुमान है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।