नगर निगम शिमला ने 'स्वच्छोत्सव' का किया शुभारंभ, अभियान के तहत शहर में कूड़े का हर ब्लैक स्पॉट होगा साफ
शिमला नगर निगम ने राजधानी में स्वच्छोत्सव का शुभारंभ किया जो 2 अक्टूबर तक चलेगा। विधायक हरीश जनार्था ने इस अभियान का उद्घाटन किया और शहर की जनता के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया। शहर में चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच होगी और नालों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जागरण संवाददाता, शिमला। शहर में नगर निगम शिमला ने बुधवार को राजधानी में स्वच्छोत्सव का शुभारंभ किया। ये दो अक्तूबर तक चलेगा। इसका शुभारंभ स्थानीय विधायक हरीश जनार्था ने किया। उन्होंने बताया कि इस बार शहर की जनता के साथ ये अभियान चलाया जा रहा है। पूरे शहर में एक दिन एक घंटा एक साथ अभियान चलेगा।
इसमें शहर का हर व्यक्ति एक दिन एक घंटा सभी के साथ मिलकर काम करेगा तो शहर के हर कोने के बेहतर व साफ बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम शिमला ने शहर में गंदगी के मामले में कई ब्लैक स्पाट चिंहित कर रखे हैं। ऐसे सभी स्थानों पर ये सफाई अभियान चलाया जाना है।
अभियान के दौरान ही शहर भर के सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच के लिए एक विशेष अभियान चलेगा। इसमें उनके सभी टेस्ट होंगे। यदि कोई बीमारी पाई जाती है तो इसकी दवा भी दी जाएगी। उन्होंने कहा इस मामले में नगर निगम शिमला को निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों के साथ उनके स्वजनोें के स्वास्थ्य की जांच भी की जानी चाहिए। इससे उनके परिवार को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
नगर निगम शिमला के तहत शहर के नालों को साफ करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। शहर में लगभग 46 से ज्यादा नाले हैं, जहां से पानी की निकासी होती है । ज्यादा बारिश होने की स्थिति में नालों में ब्लाकेज होने के कारण ही शहर की सड़कों से लेकर लोगों के घरो में मलबा भरने के मामले आते हैं।
इसलिए विशेष तौर पर शहर के नालों की सफाई का काम बेहतर तरीके से इस दौरान किया जाएगा। इससे शहर को सुरक्षित रखने की दिशा में काम किया जा सकेगा।
नगर निगम शिमला के इस अभियान को उन्हों ने रिज मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान नगर निगम की उप महापौर उमा कौशल, आयुक्त भुपेंद्र अत्री से लेकर निगम के पार्षद व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निगम के सफाई कर्मचारी भी इस दौरान भारी संख्या में मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।