हिमाचल में बर्फबारी का दौर शुरू, इन जगहों पर हुआ हिमपात; अचानक बढ़ी ठंड
शिमला में शिंकुला, बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग दर्रों की चोटियों पर बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने 5 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का अनुमान जताया है, जिससे कुछ स्थानों पर हिमपात हो सकता है। ताबो में न्यूनतम तापमान -3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

हिमाचल में बर्फबारी: तापमान गिरा, ठंड बढ़ी
राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश की शिंकुला, बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग दर्रा की चोटियों पर मंगलवार को हल्का हिमपात हुआ। इससे तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आई है।
अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट ताबो में 5.3, भरमौर, रिकांगपिओ और कुफरी में 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। शिमला, लाहुल स्पीति और मनाली के ऊंचाई वाले स्थानों पर दोपहर बाद बादल छाए।
मौसम विभाग ने पांच नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर रहने की संभावना जताई है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर हिमपात व वर्षा हो सकती है। छह नवंबर से एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
प्रदेश में तीन स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमावबिंदु से नीचे दर्ज किया गया। ताबो में सबसे कम -3.8, कुकुमसेरी में -0.9 और केलंग में -0.1 डिग्री दर्ज सेल्सियस तापमान रहा। न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट शिमला में तीन, सोलन व मंडी में 2.5, कल्पा में दो डिग्री सेल्सियस की आई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।