Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मिलिट्री स्कूल चायल में पहुंचे सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी, ...ऑपरेशन सिंदूर में धर्मयुद्ध के सिद्धांतों का हुआ पालन

    By Rajesh SharmaEdited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sat, 11 Oct 2025 04:38 PM (IST)

    सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मिलिट्री स्कूल चायल का दौरा किया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में धर्मयुद्ध के सिद्धांतों के पालन पर जोर दिया। जनरल द्विवेदी ने बताया कि यह ऑपरेशन भारतीय सेना के मूल्यों और परंपराओं के अनुरूप था। उन्होंने भविष्य के सैन्य नेताओं को संबोधित किया और उन्हें प्रेरित किया।

    Hero Image

    राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल चायल में पहुंचे सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी व अन्य अधिकारी।

    जागरण संवाददाता, सोलन। भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को कहा कि भारतीय रक्षा बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान धर्मयुद्ध के सिद्धांतों का पालन किया। राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (आरएमएस), चायल के सेंटेनरी समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सेना प्रमुख ने कहा कि हमारी सेनाओं ने केवल आतंकवादी ठिकानों पर ही प्रहार किया और नागरिक अथवा सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सेना प्रमुख ने आरएमएस चायल की 100वीं वर्षगांठ पर एक विशेष डाक कवर जारी किया और “द सेंचेनियल क्रॉनिकल” के प्रथम संस्करण का अनावरण किया। जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने विद्यालय को उसकी 100 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के लिए विशेष सेंटेनरी ट्रॉफी प्रदान की। 

    चायल स्कूल ने कई सेना अधिकारी तैयार किए

    रक्षा मंत्रालय के प्रत्यक्ष नियंत्रण में आने वाले पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में से सबसे पुराने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि इस स्कूल ने अनेक उत्कृष्ट सैन्य अधिकारियों को तैयार किया है और इसके पूर्व छात्र विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय पहचान बना चुके हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस स्कूल के कैडेट ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे और उन्हें विद्यालय की परंपराओं और मूल्यों को कायम रखते हुए उसकी गौरवशाली विरासत को नए जोश और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाना चाहिए। 

    दुनिया के सबसे ऊंचे स्टेडियम में हुआ कार्यक्रम

    कार्यक्रम की शुरुआत चायल के ऐतिहासिक क्रिकेट स्टेडियम (दुनिया का सबसे ऊंचा क्रिकेट ग्राउंड) में सेंटेनरी गेट के उद्घाटन से हुई, यह विद्यालय की गौरवशाली परंपरा, सम्मान और राष्ट्र सेवा के शताब्दी प्रतीक के रूप में समर्पित किया गया।

    100 साल की गौरवशाली यात्रा का वर्णन किया

    विद्यालय के प्रिंसिपल विमल कुमार गंगवाल जैन ने इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि और सभी विशिष्ट अतिथियों का आभार जताया। इसके बाद वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियां, सह-पाठयक्रम गतिविधियां, खेलों में प्रदर्शन और सेंटेनरी वर्ष में प्राप्त की गई प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने आरएमएस चायल की सौ वर्षों की गौरवशाली यात्रा का वर्णन किया, जिसने अनुशासित, नेतृत्वक्षम और जिम्मेदार नागरिक तैयार किए हैं। 

    निखिल प्रताप सिंह को सर्वश्रेष्ठ सीनियर कैडेट 

    समारोह में पुरस्कार वितरण का विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। कक्षा 12 के कैडेट 4319 निखिल प्रताप सिंह को सर्वश्रेष्ठ सीनियर कैडेट घोषित किया गया, जबकि कक्षा 9 के कैडेट 4490 आर्यन सिंह को सर्वश्रेष्ठ जूनियर कैडेट का खिताब मिला। कक्षा 8 की कैडेट 4535 आराध्या को सर्वश्रेष्ठ गर्ल कैडेट के सम्मान से नवाजा गया। हाउस कैटेगरी में मिथिला हाउस को सर्वश्रेष्ठ जूनियर हाउस और उज्जैन हाउस को सर्वश्रेष्ठ सीनियर हाउस घोषित किया गया। 

    100 पौधों के रोपण अभियान की शुरुआत

    विद्यालय की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए “एक पेड़ मां के नाम” थीम के तहत 100 पौधों के रोपण अभियान की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा की गई, जो सेवा और बलिदान के 100 वर्षों को हरित श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित था। 

    ये रहे मौजूद

    इस भव्य शताब्दी समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया, जिनमें ले. जनरल एम.के. कटियार (आर्मी कमांडर), मेजर जनरल प्रिंस दुग्गल, मेजर जनरल वी.के. भट्ट, ए.वी.एम. गुरचरण सिंह भोगल (सबसे सीनियर जॉर्जियन) और मनमोहन शर्मा, आईएएस, उपायुक्त सोलन शामिल थे।