FIH Hockey Pro League: जुगराज सिंह के 100वें मैच को स्पेशल नहीं बना सकी भारतीय टीम, जर्मनी से कड़े मैच में मिली शिकस्त
भारतीय हॉकी टीम अपने खिलाड़ी जुगराज सिंह के 100वें मैच को खास बनाने में नाकाम रही। एफआईएच हॉकी प्रो लीग में भारत को जर्मनी के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी ...और पढ़ें

भारतीय हॉकी टीम (Pic Credit -Hockey India)
HighLights
भारत को जर्मनी के हाथों 1-2 से झेलनी पड़ी शिकस्त
जुगराज सिंह ने अपने 100वें मैच में दागा गोल
भारतीय टीम अब नीदरलैंड्स से भिड़ेगी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2025-26 में गत चैंपियन जर्मनी के हाथों 1-2 की करीबी शिकस्त झेलनी पड़ी। भारतीय टीम जुगराज सिंह को उनके 100वें मैच में जीत का तोहफा देने से चूक गई।
टूर्नामेंट में अपना तीसरा मैच खेलने उतरी भारतीय टीम को जुगराज सिंह ने 38वें मिनट में गोल दागकर बढ़त दिला दी थी। मगर जर्मनी के जस्टस वीगेंड (56वें मिनट) और जैकब ब्रिला (60वें मिनट) ने गोल दागकर बाजी पलट दी।
पता हो कि भारतीय टीम ने मैच में दमदार शुरुआत की और जर्मनी पर दबाव बनाते हुए गेंद अपने कब्जे में रखी। भारत की रक्षा पंक्ति भी मजबूत नजर आई और गत चैंपियन को उन्होंने गोल करने का अवसर नहीं दिया।
भारत की जोरदार फाइट
भारत को दूसरे क्वार्टर में अपने आक्रमण और शानदार डिफेंस का फायदा भी मिला। जर्मनी से चूक हुई और अभिषेक ने गोल करने का मौका बनाया। मगर वो गेंद को जाली में भेदने में नाकाम रहे। तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम को दबाव बनाने का लाभ मिला।
खबरें और भी
भारत को 38वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला। अपना 100वां मैच खेल रहे जुगराज सिंह ने इस मौके को भुनाया और शक्तिशाली ड्रैग फ्लिक करके गोल दाग दिया। तीसरे क्वार्टर के अंत में जर्मनी ने कुछ पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन भारतीय गोलकीपर मोहित एचएस दीवार की तरह अड़े और गत चैंपियन को गोल के लिए तरसा दिया।
जर्मनी ने की वापसी
भारत के पास चौथे क्वार्टर में बढ़त बनाने का शानदार मौका आया। शैलेंद्र लाकड़ा तब पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने में नाकाम रहे। फिर जर्मनी ने अपने गियर बदले और 56वें मिनट में जस्टस वीगेंड ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
जर्मनी को मैच खत्म होने से कुछ समय पहले फिर पेनाल्टी कॉर्नर मिला। जैकब ब्रिला ने इस मौके को भुनाकर गोल दागा और जर्मनी को 2-1 की बढ़त दिला दी। यही मैच का निर्णायक स्कोर भी साबित हुआ। भारतीय टीम अब रविवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना अगला मैच खेलेगी।