'विदेशी कोच के लिए हॉकी इंडिया ने मुझे हटाया', पीआर श्रीजेश ने बोला हमला
भारत के दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने विदेशी कोचों को तरजीह देने के हॉकी इंडिया के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद जूनियर टीम ...और पढ़ें
-1778690326027_m.webp)
पीआर श्रीजेश
HighLights
श्रीजेश की कोचिंग में 5 टूर्नामेंट खेले
जूनियर विश्व कप समेत 5 बार पोडियम पर रहे
दिलीप टिर्की ने आरोपों का जवाब दिया
नई दिल्ली, पीटीआई। भारत के दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने विदेशी कोचों को तरजीह देने के हॉकी इंडिया के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद जूनियर टीम के कोच के पद से उन्हें हटा दिया गया। इंटरनेट मीडिया पर मंगलवार को एक पोस्ट में दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता श्रीजेश ने लिखा कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें हटाया गया, क्योंकि हॉकी इंडिया जूनियर स्तर पर भी विदेशी कोच चाहता है।
श्रीजेश ने एक्स पर लिखा कि लगता है कि मेरा कोचिंग करियर डेढ़ साल के बाद ही खत्म हो गया है जिसमें हमने पांच टूर्नामेंट खेले और जूनियर विश्व कप समेत पांच बार पोडियम पर रहे। उन्होंने कहा कि मैंने सुना है कि खराब प्रदर्शन के बाद कोचों को हटाया जाता है, लेकिन पहली बार विदेशी कोच की नियुक्ति के लिए मुझे हटाया जा रहा है।
श्रीजेश ने कहा कि हॉकी इंडिया अध्यक्ष का कहना है कि सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच जूनियर स्तर पर भी विदेशी कोच चाहते हैं क्योंकि उनका मानना है कि इससे जूनियर स्तर से सीनियर स्तर पर भारतीय हॉकी के विकास में मदद मिलेगी। भारत की जूनियर टीम के कोच के रूप में श्रीजेश का कार्यकाल दिसंबर 2025 में खत्म हो गया था और उन्होंने इस पद के लिए पुन: आवेदन किया था।
श्रीजेश का करार दिसंबर में ही खत्म हो गया था
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने पीआर श्रीजेश के आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि उन्हें पद से हटाया नहीं गया है बल्कि उनका कार्यकाल दिसंबर 2025 में ही खत्म हो गया था और उचित चयन प्रक्रिया का पालन करके मेरिट के आधार पर नया कोच चुना गया है।
दिलीप ने कहा कि श्रीजेश का कोचिंग कार्यकाल दिसंबर 2025 में खत्म हो गया था। इसके बाद प्रोटोकाल का पालन करके पद के लिए विज्ञापन दिया गया और कुछ नाम चुने गए। उचित चयन प्रक्रिया का पालन करके चयन किया गया है।
उन्होंने ने कहा कि हमने श्रीजेश को हटाया नहीं है बल्कि उन्हें डेवलपमेंट टीम (भारत-ए) का कोच बनने की पेशकश की गई थी जो लास एंजिलिस ओलंपिक और अगले ओलंपिक चक्र के लिए अहम है। उन्होंने इसे ठुकरा दिया और फैसले पर पुनर्विचार करने के अनुरोध पर भी नहीं माने।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।