Jammu: मानसर व सुरुईसंर झीलों को अच्छी बारिश का इंतजार, जलस्तर अभी भी कम; अभी भी छूटे हुए हैं झील के किनारे
Jammu News बारिश के कारण देश के कई राज्यों की नदियां इन दिनों उफान पर हैं। वहीं कई कस्बों में पानी उतर आया है। इसी बीच जम्मू की प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मानसर व सुरुईसंर झीलों को अच्छी बारिश का इंतजार है। इन झीलों का जलस्तर अभी भी बढ़ नहीं पाया है। बरसात आने से पहले पानी के किनारे जमीन से दूर तक छूटे हुए थे जोकि अभी भी बरकरार है।

जम्मू, जागरण संवाददाता। बारिश के कारण देश के कई राज्यों की नदियां इन दिनों उफान पर हैं। वहीं कई कस्बों में पानी उतर आया है। अधिक वर्षा से लोग परेशानी में आ गए हो। लेकिन बरसात के इसी दौर में जम्मू की प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मानसर व सुरुईसंर झीलों को अच्छी बारिश का इंतजार है। इन झीलों का जलस्तर अभी भी बढ़ नहीं पाया है। बरसात आने से पहले पानी के किनारे जमीन से दूर तक छूटे हुए थे जोकि अभी भी बरकरार है।
अभी भी छूटे हुए हैं झील के किनारे
सुरुईंसर झील जोकि जम्मू से तकरीबन 30 किलोमीटर दूर है, उसकी लंबाई तकरीबन 888 मीटर व चौड़ाई 440 मीटर की ही है। यहां पर कई जगह तो झील का किनारा 10 से 12 फुट तक छूटा हुआ है। किनारों पर कम पानी के कारण जो मिट्टी पहले नजर आ रही वह अभी नजर आती है। हालांकि, पिछले दिनों हुई बारिश से झील के जलस्तर में कुछ सुधार तो है लेकिन, अभी झील के किनारों पर मिट्टी साफ दिखाई पड़ती है।
मानसर झील के पास बारिश नहीं
कई जगह तो नौबत यह भी है कि इंसान झील के किनारे उतर कर पैदल सैर कर सकता है। यही हाल मानसर झील का है। यह बरसात के दिन ही होते हैं जब इन झीलों में जमकर पानी गिरता है। तब आसपास के नालों का पानी भी झील में आ मिलता हे। लेकिन इस सीजन अभी तक एक या दो ही बार अच्छी बारिश हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी बहुत ज्यादा वर्षा नहीं हुई।
जम्मू के कंडी क्षेत्र के लोग कर रहे बारिश का इंतजार
स्थानीय निवासी संजीव कुमार का कहना है कि अन्य राज्यों में वर्षा हो रही हों लेकिन जम्मू के कंडी क्षेत्रों में अभी इंतजार ही है। जो पिछले दिनों वर्षा हुई वह बहुत ज्यादा नहीं है। इससे झील का जलस्तर कैसे बढ़ पएगा। इसलिए हम लोग अभी अच्छी वर्षा का इंतजार कर रहे हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि अन्य कार्यों के लिए झील से पानी की निकासी भी होती रहती है। इसे रोका जाना चाहिए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।