राज्यसभा और विधानसभा उपचुनाव में जीत के लिए भाजपा की रणनीति क्या होगी? दिल्ली में होगी बड़ी बैठक
जम्मू-कश्मीर में राज्यसभा और विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा और संगठन महामंत्री अशोक कौल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मिलने दिल्ली पहुंचे। वे उपचुनाव में सफलता प्राप्त करने के लिए रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे। भाजपा हाइकमान को उम्मीदवारों के नामों की जानकारी दी जाएगी।

राज्य ब्यूरो, जागरण, जम्मू। जम्मू कश्मीर में राज्यसभा व विधानसभा उप चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व अन्य वरिष्ठ नेताओं से बैठक करने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा व संगठन महामंत्री अशोक कौल दिल्ली पहुंच गए हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार जम्मू कश्मीर के नेताओं को भाजपा हाइकमान ने सोमवार को दिल्ली तलब किया था। ऐसे में दोपहर एक बजे के करीब प्रदेश भाजपा के दोनों शीर्ष नेता जम्मू से विमान में दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
आज सत शर्मा, अशोक कौल जम्मू कश्मीर में राज्यसभा व विधानसभा के उपचुनाव में कामयाबी हासिल करने के लिए रणनीति पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श करेंगे।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर स्वास्थ्य सचिव की सलाह, बिना डॉक्टर की पर्ची के बच्चों को खांसी, जुकाम की दवा न दें
भाजपा हाइकमान को दी जाएगी उम्मीदवारों की जानकारी
प्रदेश भाजपा ने शनिवार को जम्मू में राष्ट्रीय महाससचिव तरुण चुग की अध्यक्षता में कोर ग्रुप की बैठक में राज्यसभा, विधानसभा उप चुनाव के उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की थी। अब इस बारे में भाजपा हाइकमान को जानकारी दी जाएगी। बैठक में जम्मू कश्मीर भाजपा के इन नेताओं के साथ राष्ट्रीय महाससचिव तरुण चुग भी मौजूद रहेंगे। पार्टी हाइकमान की मुहर लगने के बाद आने वाले दिनों में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी।
आज दोपहर बाद होगी पार्टी हाइकमान से बैठक
दिल्ली पहुंचे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने जागरण को बताया कि वह आज मंगलवार दोपहर बाद दिल्ली में प्रदेश की मौजूदा की राजनीतिक सरगर्मियों को लेकर पार्टी हाइकमान से बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि हाइकमान से इस बैठक में राज्यसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों व पार्टी की तैयारियां जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें- Special Train: बाड़मेर-जम्मू तवी के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, देखें टाइम टेबल
राज्यसभा चुनाव, विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी
जम्मू कश्मीर में राज्यसभा चुनाव व जम्मूृ कश्मीर की दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी हो गई है। राज्यसभा का चुनाव 24 अक्टूबर को होना है। पार्टी में राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनने के लिए कई नेताओं ने उम्मीदें लगाई हैं। प्रबल दावेदारों में पूर्व उपमुख्यमंत्री डा निर्मल सिंह, पूर्व विधायक सत शर्मा, प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना शामिल हैं।
11 नवंबर को होना है विधानसभा उपचुनाव
वहीं जम्मू की नगरोटा व कश्मीर की बडगाम विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव 11 नवंबर को होना है। जम्मू जिले की नगरोटा सीट, भाजपा के विधायक देवेन्द्र सिंह राणा के निधन के कारण खाली हुई थी। देवेन्द्र राणा की बेटी देवयाणी राणा इस सीट के लिए भाजपा की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। वहीं कश्मीर की बडगाम सीट को दो सीटों से चुनाव जीतने वाले मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने खाली किया था। इसे सीट के लिए भी भाजपा अपना उम्मीदवार उतार सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।