जम्मू-कश्मीर में सरकारी नौकरियों का रास्ता साफ, इस वर्ष भरे जाएंगे 25 हजार पद; CM उमर का बड़ा एलान
जम्मू-कश्मीर में पात्र युवाओं को इस वर्ष सरकारी नौकरी मिल सकती है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घोषणा की कि प्रदेश सरकार इस साल 25 हजार पदों पर भर्ती ...और पढ़ें

इस वर्ष जम्मू-कश्मीर में 25 हजार सरकारी पद भरे जाएंगे
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में पात्र युवाओं का सरकारी रोजगार का सपना इसी वर्ष पूरा हो सकता है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को बताया कि प्रदेश सरकार इस वर्ष अपने अधीनस्थ विभागों में 25 हजार पदों को भरने जा रही है। इस संदर्भ में सभी भर्ती संस्थानों को उचित कार्यवाही के लिए कहा गया है।
उमर ने कहा कि हम भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध चाहते हैं। बता दें कि अक्टूबर, 2024 को गठित उमर सरकार ने वादा किया था कि एक वर्ष में एक लाख नौकरियां दी जाएंगी। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान पीडीपी विधायक वहीद उर रहमान परा के प्रश्न के जवाब में उमर ने कहा कि समयबद्ध का मतलब यह नहीं कि प्रक्रिया जल्दबाजी में पूरी की जाए और मामला अदालत में चला जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया ठप हो जाए।
उन्होंने कहा कि पहले भी अदालत में मामला लंबे समय तक चला और कई उम्मीदवार सरकारी नौकरी प्राप्त करने की अधिकतम आयु सीमा पार कर गए थे। हम इस मामले में संतुलन बनाए रखना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि गत वर्ष प्रदेश सरकार ने राजपत्रित कैडर के 959 और गैर राजपत्रित कैडर के 6,340 पद भर्ती के लिए जम्मू-कश्मीर लोकसेवा आयोग और जम्मू-कश्मीर भर्ती बोर्ड को अग्रेषित किए हैं।
उन्होंने बताया कि 38 सरकारी विभागों में गैर राजपत्रित कैडर के 48,958 और राजपत्रित कैडर के 10,217 पद खाली पड़े हैं। इसमें सीधी भर्ती के तहत गैर राजत्रित के 24,507 और राजपत्रित कैडर के 3,808 पद खाली हैं। पदोन्नति कोटे के तहत गैर राजपत्रित कैडर के 24,451 और राजपत्रित कैडर 6,409 पद रिक्त हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।