Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू में बाढ़ प्रभावित का हाल जानने राजीव कालोनी पहुंचे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, पूर्ण सहायता का दिया आश्वासन

    Updated: Tue, 09 Sep 2025 04:42 PM (IST)

    जम्मू के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बाढ़ प्रभावित राजीव कॉलोनी का दौरा किया और लोगों को हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जन समस्याओं का समाधान करने और जीवन को सामान्य करने के निर्देश दिए। प्रभावितों को सरकारी सहायता और समय पर राहत का आश्वासन दिया गया। सिन्हा ने निवासियों से बातचीत की उनकी चिंताएँ सुनीं और तत्काल राहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    Hero Image
    एलजी सिन्हा ने प्रभावित परिवारों को पुनर्वास करने में मदद करने का भी वादा किया।

    जागरण संवाददाता, जम्मू। प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित राजीव कालोनी का दौरा कर लोगों को पहुंचे नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जन समस्याओं के समाधान में तेजी लाएं । क्षेत्र में जीवन को पटरी पर लाने पर जोर देते हुए उपराज्यपाल ने प्रभावितों को पूर्ण सरकारी सहायता और समय पर राहत प्रदान करने का आश्वासन दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने निवासियों से बातचीत की। उनकी चिंताओं को सुना और अधिकारियों को तत्काल राहत उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रभावित परिवारों को अपना जीवन फिर से शुरू करने में मदद के लिए दीर्घकालिक पुनर्वास प्रयास किए जाएंगे।

    सिन्हा ने दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया

    वह मंगलवार सुबह करीब 10 बजे राजीव कालोनी जोकि विक्रम चाैक के साथ लगते तवी किनारे पर स्थित है, में लगाए स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे। उन्होंने यहां बाढ़ प्रभावितों को दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ प्रभावित लोगों से बातचीत की। राजीव कालोनी वेलफेयर कमेटी के प्रधान विजय सिंह ने उन्हें बताया कि कालोनी में करीब 10 फुट पानी लोगों के घरों में चढ़ा। जिससे अधिकतर घर बर्बाद हो गए हैं।

    राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे

    गलियां चोक हो चुकी है। सामान बर्बाद हो चुका है। जिंदगी पूरी तरह दरबदर होकर रह गई है। उपराज्यपाल के साथ आए अधिकारियों ने कहा कि वित्तीय सहायता प्रदान करने, बुनियादी ढांचे को बहाल करने और बाढ़ से विस्थापित लोगों की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सिन्हा ने संकट की इस घड़ी में लोगों के साथ मजबूती से खड़े रहने और यह सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई कि कोई भी प्रभावित परिवार अकेला न छूटे।

    205 घरों को हुआ भारी नुकसान

    गत मंगलवार 26 अगस्त को तवी नदी में आई बाढ़ के कारण इस क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा था । यहां करीब 205 घरों की सूची तैयार की गई है जिन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ा है। इस मौके पर जम्मू पूर्व के विधायक युद्धवीर सेठी ने प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रभावित लोगों को सैनिटेरी किट ओर गद्दे भी वितरित किए।

    मलबे के ढेर अभी दिक्कत बने हुए

    वहीं चिकित्सा शिविर में भी लोगों की जांच जारी है। अलबत्ता मोहल्ले में मलबे के ढेर अभी भी जिंदगी को पटरी पर लाने की राह में रोड़ा बने हुए हैं। स्थानीय लोग मुश्किल में है । सरकार की तरफ से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए लोग चाहते हैं कि सबसे ज्यादा काम मोहल्ले की गलियों की सफाई और जलापूर्ति को सुचारू करने के लिए किया जाए।