वैष्णो देवी लैंडस्लाइड में मृतकों की संख्या हुई 33, पीएम मोदी ने जताया दुख; हर संभव मदद का एलान
श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से मरनेवालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। यात्री फंसे हुए हैं और बचाव कार्य जारी है। ख़राब मौसम के कारण यात्रियों को यात्रा स्थगित करने की सलाह दी गई है। जम्मू में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

डिजिटल डेस्क। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और हर संभव मदद की घोषणा की है। उन्होंने इस हादसे में घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। यात्रा मार्ग पर बचाव कार्य जारी है।
उपराज्यपाल ने किया मुआवजा देने का एलान
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन में मरने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के परिवार को नौ लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है।
इसके अतिरिक्त, जम्मू के चनैनी नाला में एक कार गिरने से तीन श्रद्धालु बह गए। लापता तीन में से दो श्रद्धालु राजस्थान के धौलपुर और एक आगरा का रहने वाला है। रविवार से जारी वर्षा के कारण जम्मू की सड़कें व पुल झेल नहीं पाए और शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए।
इसके साथ ही जम्मू का देश से सड़क व रेल संपर्क पूरी तरह कट गया। मंगलवार रात भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने रात नौ बजे के बाद अकारण घरों से बाहर निकलने पर भी रोक लगा दी थी। तवी, चिनाब, उज्ज सहित सभी नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं।
जम्मू में तवी नदी पर बने भगवतीनगर पुल की एक लेन धंसी
जम्मू में तवी नदी पर बने भगवतीनगर पुल की एक लेन धंस गई, जबकि इस नदी पर बने दो अन्य पुलों पर एहतियातन आवाजाही बंद कर दी गई है। कठुआ के पास पुल धंसने से जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय पर यातायात पहले से प्रभावित था।
अब इस राजमार्ग पर विजयपुर में एम्स के निकट स्थित देविका पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके बाद सड़क यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया। सांबा में सेना के जवानों ने खानाबदोश गुज्जर समुदाय के सात लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला है। जम्मू संभाग के सभी स्कूलों और कालेजों में 27 अगस्त को अवकाश घोषित किया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।