वीरों ने स्वतंत्रता दिवस पर दिखाया जोश, उमलिंग ला में 19 हजार से अधिक फुट की उंचाई पर बुलंद हुआ तिरंगा
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। सीमा सुरक्षा बल सेना और इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस के जवानों ने सीमा चौकियों पर तिरंगा फहराया। लद्दाख में विश्व की सबसे ऊंची मोटरेबल सड़क उमलिंग ला पर भी तिरंगा फहराया गया। सियाचिन ग्लेशियर से लेकर रेजांग ला और गलवन घाटी तक देशभक्ति का माहौल रहा।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी से उत्साहित सीमाओं के रक्षकोंं ने स्वतंत्रता दिवस पर शान से तिरंगा लहराया। जम्मू के मैदानों से लद्दाख की बुलंदियों तक देशभक्ति का जोश सिर चढ़कर बोला।
केंद्र शासित प्रदेशों जम्म कश्मीर व लद्दाख में पाकिस्तान व चीन से लगते इलाकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले सीमा सुरक्षाबल, सेना, इंडो तिब्बतन बार्डर पुलिस के जवानों ने सीमा पर भारतीय चौकियों पर शुक्रवार को तिरंगा फहराकर देश की आजादी का जश्न मनाया।
इस दौरान बलिदानियों को याद कर उनके पदचिन्हों पर चलने की प्रेरणा ली गई। सुरक्षा कर्मियों द्वारा जोश के साथ बुलंद किए गए नारों की गृंज सीमा पार तक पहुंची। सीमा सड़क संगठन के प्रोजेक्ट हिमांक के वीरों ने लद्दाख में विश्व की सबसे उंची मोटरेबल सड़क उमलिंग ला में 19024 फुट की उंचाई पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति का जोश दिखाया।
शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस पर जम्मू के सुचेतगढ़ की आक्ट्राय पोस्ट से लेकर सियाचिन ग्लेशियर तक सीमा के रक्षकों ने तिरंगे फहराए। जम्मू संभाग में अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा की रही बीएसएफ ने आरएसपुरा में भारत-पाकिस्तान सीमा की आक्ट्राय पोस्ट पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
आक्ट्राय की सत्तावाली ग्राउंड में पंतगबाजी, पोस्ट पर विद्यार्थियों के रंगारंग कार्यक्रम के साथ बीटिंग रिट्रीट कार्यक्रम से देशभक्ति की भावना को बल दिया।
वहीं पश्चिम लद्दाख के सियाचिन में बीस हजार फीट की उंचाई पर तिरंगा फहराने के साथ पूर्वी लद्दाख के रेजांग ला, गलवन, श्योक व पैंगांग में स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति का जज्ब बुलंद रहा। विश्व के सबसे उंचे युद्ध् क्षेत्र सियाचिन में स्वतंत्रता दिवस पर सेना के जवानों ने हाथों में तिरंगे लेकर विशेष पेट्रालिंग कर दुश्मन को अपनी हद में रहने का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस पर सेना की उत्तरी कमान के साथ जम्मू में सेना की पश्चिमी कमान की टाइगर डिवीजन ने भी आजादी का उत्सव शान से मनाया। इस दौरान युद्घ के मैदान में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले कई प्रदेश के पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।