Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चतरा में अंबेडकर यूनिवर्सिटी के लिए 50 एकड़ भूमि चिह्नित, सरकार को भेजा प्रस्ताव

    Updated: Mon, 16 Feb 2026 11:26 PM (IST)

    चतरा जिले में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है। गिद्धौर प्रखंड के मंझगांवा में 50 एकड़ गैर ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    चतरा में बनेगी यूनिवर्सिटी। (AI Generated Image)

    जुलकर नैन, चतरा। जिले में प्रस्तावित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है।

    गिद्धौर प्रखंड के मंझगांवा में 50 एकड़ गैरमजरूआ नेचर की भूमि चिह्नित करते हुए उपायुक्त कीर्तिश्री ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव राहुल कुमार पुरवार को औपचारिक प्रस्ताव भेज दिया है।

    राज्य सरकार ने विश्वविद्यालय स्थापना के लिए 50 से 60 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। इसी के आलोक में मंझगांवा में एकमुश्त 50 एकड़ जमीन उपलब्ध होने की पुष्टि अंचल अधिकारी की रिपोर्ट से हुई।

    अपर समाहर्ता ने संपूर्ण प्रतिवेदन तैयार कर उपायुक्त को उपलब्ध कराया, जिसके आधार पर अंतिम रूप से प्रस्ताव विभाग को प्रेषित कर दिया गया। प्रशासन ने एहतियातन वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखी है।

    सदर, इटखोरी और कान्हाचट्टी अंचल के अंचल अधिकारियों ने भी मानक के अनुरूप भू-खंड चिन्हित कर रिपोर्ट समर्पित की है। यदि किसी कारणवश मंझगांवा की भूमि पर आपत्ति या तकनीकी अड़चन आती है, तो इन अंचलों में से किसी एक का प्रस्ताव आगे बढ़ाया जा सकता है।

    सूत्रों के अनुसार विश्वविद्यालय के लिए ऐसी जमीन को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां सड़क संपर्क, बिजली, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि चयनित स्थल जिला मुख्यालय से अत्यधिक दूर न हो, ताकि छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के आवागमन में सुविधा बनी रहे।

    उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चतरा में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की थी। घोषणा के बाद विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भूमि प्रस्ताव की मांग की गई थी। उसी क्रम में यह प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है।

    बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए गिद्धौर के मंझगांवा में 50 एकड़ भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव भेज दिया गया है। प्रस्ताव के आलोक में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की टीम स्थल निरीक्षण के लिए आ सकती है।

    -

    कीर्तिश्री जी, डीसी चतरा।