Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देवघर-बासुकीनाथ फोरलेन पर बड़ी अपडेट: ROB पर गर्डर लगाने का काम पूरा, 25 जुलाई तक चालू हो जाएगा आवागमन

    Updated: Thu, 11 Jun 2026 02:12 AM (IST)

    देवघर-बासुकीनाथ फोरलेन 25 जुलाई तक आवागमन के लिए खुल जाएगा, जिससे श्रावणी मेला से पहले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। आरओबी पर सात गर्डर लगाने का ...और पढ़ें

    गर्डर लॉन्चिंग करते हुए टीम। फोटो जागरण

    गर्डर लॉन्चिंग करते हुए टीम। फोटो जागरण

    HighLights

    1. देवघर-बासुकीनाथ फोरलेन 25 जुलाई तक होगा शुरू।

    2. आरओबी पर सात गर्डर लगाने का काम पूरा।

    3. श्रावणी मेला से पहले मिलेगी बड़ी सुविधा।

    आरसी सिन्हा, देवघर। श्रावणी मेला 31 जुलाई से शुरू हो रहा है। उससे एक सप्ताह पहले यानि 23 से 25 जुलाई के बीच देवघर-बासुकीनाथ फोर लेन पर आवागमन बहाल हो जाएगा। इसकी गारंटी इस बात से है कि रेलवे ने NOC के साथ-साथ ब्लॉक लिया और NHAI की कार्यकारी एजेंसी ने आरओबी पर गर्डर लगाने का काम पूरा कर लिया।

    देवघर-बासुकीनाथ फोरलेन पर बने आरओबी में 7 गर्डर की लॉन्चिंग कर ली गयी है। अब इंजीनियरिंग की पूरी टीम काम कर रही है। एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने पहले ही कहा था कि गर्डर की लांचिंग होने के 45 दिन बाद फोर लेन चालू हो जाएगा।

    श्रावणी मेला की मीटिंग में पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों को समन्वय बनाकर मेला से पहले पूरा करने का टाइम लाइन भी दिया है। एनएचएआइ, रेलवे के अधिकारी और जिला प्रशासन अड़चन को दूर करने में जुटे रहे। एनएचएआइ लगातार डीआरएम आफिस फालोअप करता रहा। इसके बाद रेलवे ने एनओसी दिया और रविवार को ट्रैक ब्लाक किया।

    सुखद व आनंददायक होगा सफर

    सुखद यह कि श्रावणी मेला में इस साल देवघर-बासुकीनाथ फोर लेन चालू हो जाएगा। तकरीबन एक हजार करोड़ का यह प्रोजेक्ट है।

    45.15 किलोमीटर के इस फोर लेन में आरओबी का काम ही रेलवे के कारण रूका हुआ था, जो गर्डर लगते ही निर्माण कार्य ने गति पकड़ी है। शेष दस फीसद से भी कम ही बाकी है। पांच किलोमीटर कालीकरण। तीन किलोमीटर का दो आरओबी का काम अधूरा है। 24 अंडर पास में 23 पूरा हो चुका है।

    खबरें और भी

    17 मीटर चौड़ी होगी फोर लेन

    फोर लेन का काम 80 फीसद से अधिक हो चुका है। यह सड़क जब बनेगी तो देखने लायक होगी। फोर लेन की यह सड़क 17 मीटर चौड़ी होगी। एक तरफ से बनने वाली टू लेन साढ़े आठ मीटर चौड़ी होगी।

    इसी तरह दूसरी ओर से टू लेन साढ़े आठ मीटर चौड़ी होगी बीच में खूबसूरत गार्डनिंग होगी। फोर लेन में तकरीबन चार किमी कालीकरण का काम रह गया है जिसमें तीन किमी का आरओबी भी शामिल है।

    फैक्ट फाइल

    • फोर लेन की लंबाई 45.15 किमी
    • कुल प्राक्कलन की राशि 999 करोड़
    • एक आरओबी, रेल लाइन को क्रास करेगी
    • टू लेन की चौड़ाई 8.5 मीटर होगी
    • आरओबी की लंबाई तीन किलोमीटर
    •  24 अंडर पास में 23 पूरा

    श्रावणी मेला से पहले देवघर-बासुकीनाथ फोरलेन चालू हो जाएगा। आरओबी पर सात गर्डर की लांचिंग हो गयी है। अब आगे का काम तेजी से चल रहा है। जो मेला से पहले पूरा हो जाएगा।-प्रभात रंजन पांडेय, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, NHAI देवघर।