आधी रात में बाइक सवार बदमाशों का तांडव, ताबड़तोड़ फायरिंग से सहमा देवघर
देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र में बीती रात विरेन्द्र राव के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सीसीटीवी में कैद हुई इस घटना में बदमाशों ने सात गोलियां चलाईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं।

जागरण संवाददाता, देवघर। जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के लोढ़िया गांव में शुक्रवार की आधी रात को अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुन ग्रामीणों की नींद टूट गई। ये गोली विरेन्द्र राव के घर पर निशाना करके चलायी गई। बाइक सवार बदमाशों ने सात गोली फायर किया। दो गोली खिड़की पर तो पांच बाहर के दरवाजा व दीवार से जा टकराई।
गोली लगने से खिड़की में लगा शीशा टूट गया है। बाइक सवार बदमाशों द्वारा गोली चलाए जाने की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गया है।
घटना के संबंध में बताया गया कि रात को घर के लोग सोए हुए थे। इस दौरान रात करीब 12 बजे दो बाइक पर सवार छह युवक आए। युवक पहले बाइक से उस घर के आगे बढ़ गए। वहां से फिर वे लोग वापस आए। इस दौरान बाइक में पीछे बैठे युवक ने तड़ातड़ गोली फायर कर दिया।
इस दौरान बदमाश गाली गलौज भी कर रहे थे। इससे पहले की घर व गांव के लोग कुछ समझ पाते बाइक सवार बदमाश गाली व धमकी देते हुए मौके पर से फरार हो गए। उसके बाद ग्रामीण वहां पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। जिस घर में गोली चलायी गयी उसकी खिड़की व दीवार पर गोलियों का निशान साफ नजर आ रहा था। पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। उसके आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
वहीं सुबह में घटनास्थल के आसपास खोखा की तलाश की। पास में गड्ढा में पानी भर गया था। उस पानी को सुखाया गया। उसके बाद उसके अंदर से दो खोखा बरामद किया गया। जिसके घर पर गोली चलायी गयी उसका छोटा-मोटा कारोबार है। वहीं उसके दो बेटे हैं जोकि बाहर में काम करते हैं। उसका किसी से कोई विवाद नहीं है। ऐसे में उन लोगों को समझ में नहीं आ रहा है कि वहां किसने और क्यों गोली चलाई।
लोगों का अनुमान है कि पास में रहने वीरेंद्र के रिश्तेदार के यहां सभवत: घटना को अंजाम दिया जाता था। लेकिन पहचान में भूल हो जाने के कारण गलत घर में फायरिंग कर दी गई। सूत्रों के मुताबिक जिसके घर को निशाना बनाया जाता था उसका एक दूसरे गुट के युवकों से पहले से विवाद चल रहा था। ये विवाद वर्चस्व कायम करने को लेकर चल रहा है। बाघमारा बस स्टैंड व रिखिया में दारू दुकान से इस घटना को जोड़ा जा रहा है।
एक वीडियो को खंगाल रही है पुलिस
वहीं पुलिस के हाथ एक वीडियो लगी है। उक्त वीडियो में एक युवक एक दिन पूर्व रात में हाथ में पिस्तौल लेकर रिखिया थाना क्षेत्र के धावाघाट गांव में आ रहा है। वह एक युवक के घर के सामने जाता है। वहां पिस्तौल लहराते हुए उस युवक को धमकी देता है। उसके बाद वह वहां से लौट जाता है।
आशंका है कि उस वीडियो का जवाब देने के लिए रात को फायरिंग की इस घटना को अंजाम दिया गया है। फायरिंग की घटना को अंजाम देकर दूसरे गुट के युवकों ने अपनी ओर से जवाब दिया है। हालांकि पुलिस फिलहाल इस मामले में कुछ खास बता नहीं रही है।
दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। वहीं रात की घटना में शामिल आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस को इस मामले में कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। हालांकि इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।