Jharkhand में ‘अबुआ नहीं, ठगुआ सरकार’... हेमंत सोरेन पर JP Nadda का तीखा वार, कमल खिलाने का आह्वान
JP Naddaः भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा के बाद झारखंड में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने राज्य सरकार को 'ठगु ...और पढ़ें

देवघर में भाजपा की रैली को संबोधित करते जेपी नड्डा।
जागरण संवाददाता, देवघर। JP Nadda Rally In Deoghar: झारखंड के दो दिवसीय दाैरे के अंतिम दिन शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देवघर में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। बाबा बैद्यनाथ की भूमि पर सभा की शुरुआत उन्होंने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से की, जिसके बाद पूरे पंडाल में समर्थकों की तालियों और नारों की गूंज फैल गई।

देवघर के ठाड़ी दुलमपुर में जिला भाजपा कार्यालय के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा उनका मजाक उड़ाकर आदिवासी अस्मिता का अपमान किया है। कांग्रेस पार्टी घुसपैठियों का बचाव करती है। अब झारखंड को झारखंड मुक्ति मोर्चा से मुक्त कराने की जरूरत है। झामुमो ने झारखंड को बदनाम किया है।

भाषण के दौरान उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि झारखंड की मौजूदा सरकार-अबुआ सरकार नहीं, बल्कि ठगुआ सरकार है, जो प्रदेश के लोगों के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यह सरकार घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है और क्षेत्रीय अस्मिता तथा जनसंख्या संरचना को गंभीर क्षति पहुंचा रही है।
आदिवासी पहचान खतरे में
जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में झारखंड के संताल परगना में अवैध घुसपैठ को सबसे बड़ा खतरा बताया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की सीमा पार से आने वाले कुछ समूह यहां बस रहे हैं और झारखंड की सांस्कृतिक संरचना को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार ऐसे तत्वों को संरक्षण दे रही है और वोट बैंक की राजनीति के कारण किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर रही।
यहां बस रहा जमाई टोला
नड्डा ने कहा कि संताल में अवैध घुसपैठ है। यहां जमाई टोला बन गया है। आदिवासी बहनों से शादी करके बाहरी लोग बस रहे हैं। इससे आदिवासी समाज की संख्या निरंतर घट रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में आदिवासी समुदाय की जनसंख्या प्रतिशत पहले 45% के आसपास थी, जो अब घटकर 28% रह गई है।

नड्डा ने इस संदर्भ में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस गिरावट के पीछे केवल जनसांख्यिकीय परिवर्तन नहीं, बल्कि ‘संगठित साजिश’ भी शामिल है, जिसे मौजूदा सरकार नजरअंदाज कर रही है। हालांकि उन्होंने इस संदर्भ में किसी आधिकारिक रिपोर्ट या सरकारी आंकड़े का उल्लेख नहीं किया, लेकिन यह मुद्दा लंबे समय से झारखंड के राजनीतिक विमर्श का हिस्सा रहा है, विशेषकर चुनावी माहौल में।
बिहार में मिली प्रचंड जीत का उल्लेख
जेपी नड्डा ने अपने भाषण में बिहार में भाजपा-जेडीयू गठबंधन की हाल की बड़ी जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक घटनाक्रम नहीं, बल्कि देश की बदलती सोच और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर बढ़ते भरोसे का संकेत है।

उन्होंने कहा, बिहार ने विकास की राजनीति को चुना है। इस जीत से स्पष्ट है कि जनता अब जाति-धर्म आधारित राजनीति से ऊपर उठकर विकास को प्राथमिकता दे रही है। यह भारत की नई सोच है, जो मोदी जी के नेतृत्व में विकसित हो रही है।
नड्डा के अनुसार, पूर्वोत्तर से लेकर पश्चिम भारत तक भाजपा लगातार अपना विस्तार कर रही है और जनता विभिन्न प्रांतों में भाजपा की नीतियों पर भरोसा जता रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश के 13 राज्यों में अकेले भाजपा की सरकार है, जबकि कई राज्यों में भाजपा गठबंधन के बड़े साझेदार के रूप में शासन में शामिल है।
बंगाल और झारखंड में भी जल्द कमल खिलेगा
अपने भाषण के दौरान नड्डा ने पूर्वी भारत के दो महत्त्वपूर्ण राज्यों- पश्चिम बंगाल और झारखंड-पर विशेष फोकस किया। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में भाजपा यहां भी परचम लहराने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा-बंगाल और झारखंड में लोग बदलाव चाहते हैं। वहां की जनता त्रस्त है और भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण तथा अव्यवस्था से परेशान है। भाजपा इन राज्यों को विकास की नई दिशा देगी। जल्द ही यहां भी कमल खिलेगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्रीय योजनाओं का लाभ झारखंड की जनता तक नहीं पहुंच पा रहा, क्योंकि राज्य सरकार उनमें बाधा डाल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के लाभार्थियों को कई क्षेत्रों में अभी भी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार और कुप्रशासन के आरोप
जेपी नड्डा ने अपने भाषण में कहा कि झारखंड में शासन पूरी तरह ‘अकार्यक्षमता’ का प्रतीक बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है और खनन, जमीन, ट्रांसफर-पोस्टिंग जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियाँ सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा, झारखंड की जनता ने विकास के लिए वोट दिया था, लेकिन उन्हें कुप्रशासन मिला। यहां तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है। घुसपैठियों को लाभ दे रही यह सरकार राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा बन गई है। उन्होंने ‘अबुआ सरकार’ के नारे पर तंज कसते हुए कहा, ‘अबुआ नहीं, ठगुआ सरकार’ है, जो जनता को झूठे सपने दिखाती है और अंदर ही अंदर राज्य को खोखला कर रही है।
झारखंड लूट और अपराधका गढ़
एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) का हवाला देते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि ऑनर किलिंग के मामले में झारखंड देश में पहले पायदन पर तो हत्या के मामले में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में माफिया राज कायम है।
झारखंड में दुष्कर्म, डायन और दहेज हत्या के मामलों में बेतहाशा इजाफा हुआ है। खुलेआम बालू, कोयला और दूसरे खनिज संसाधनों की लूट जारी है। उन्होंने पूछा कि क्या 450 रु में गैस सिलिंडर मिला। क्या राज्य के 10 लाख युवाओं को नौकरी मिली? क्या हेल्थ कार्ड मिला? क्या किसानों को 3200 रु. प्रति क्विंटल की दर से धान की एमएसपी मिली? हाथी के दांत दिखाने के और खाने के और हैं।
सूर्या हांदसा एककाउंटर पर भी सरकार को घेरा
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आदिवासियों की बात करने वाली सरकार ने प्रायोजित तरीके से सूर्या हांसदा का एनकाउंटर करवाया। सिदो कान्हो के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्या भी सरकार के इशारे पर हुई। हूल दिवस के अवसर पर सिदो कान्हो को श्रद्धांजलि देने गये लोगों पर लाठी चार्ज कराया गया. वहां चंपाई सोरेन भी मौजूद थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।