Dhanbad Weather Forecast: बरसे बादल, अब ठंड की बारी! रविवार से तीन से पांच डिग्री तक गिरेगा तापमान
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के कारण धनबाद में गुरुवार रात को 119.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो राज्य में सबसे अधिक थी। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी बारिश की संभावना है। बारिश थमने के बाद रात में ठंड बढ़ने की संभावना है, और अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

तस्वीर में मौसम विभाग द्वारा जारी झारखंड के जिलावार वर्षा पूर्वानुमान को दर्शाया गया है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। प्री मानसून, मानसून और पोस्ट मानसून के दौर में झमाझम बरसात देने के बाद अब बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात के बादल झारखंड में अपना असर दिखा रहे हैं। गुरुवार की रात धनबाद में हुई जोरदार बारिश ने कई सालों का रिकार्ड तोड़ दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, धनबाद में 119.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रही। शहर की गलियां और निचले इलाके पानी में डूब गए, जबकि कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बनी रही। बारिश के बाद अब ठंड की बारी है।
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक, यह चक्रवात अब कमजोर होकर लो-प्रेशर क्षेत्र के रूप में झारखंड पहुंचा और उत्तर बिहार की ओर बढ़ गया है। इसके असर से राज्य के पूर्वी और मध्य भागों में शनिवार को भी बारिश के आसार बने रहेंगे। हालांकि, इसके बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। रात के तापमान में गिरावट शुरू होगी।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन रविवार से पारा तीन से पांच डिग्री तक नीचे जा सकता है। यानी अब झारखंड में ठंड की दस्तक तय मानी जा रही है।
अगले चार दिनों का संभावित न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
शनिवार: 21°
रविवार: 20°
सोमवार: 19°
मंगलवार: 18°
विभाग ने लोगों को सुबह-शाम हल्की ठंड से बचाव के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी है। शहरवासियों को अब मानसूनी भीगन के बाद सर्द हवाओं के आगमन का एहसास होने वाला है। यानी मौसम बदलने की घड़ी आ चुकी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।